विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चिनफिंग से 'सुपर इंटेलिजेंस' पर चर्चा के बाद ट्रंप का यू-टर्न, AI के लिए अमेरिका-चीन के साथ आने की संभावना खारिज

Published: Sat, 26 Sep 2026 10:40 PM (IST)

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ एआई पर चर्चा के बाद चीन से सहयोग न करने का एलान किया है।

शी से 'सुपर इंटेलिजेंस' पर चर्चा के बाद ट्रंप का यू-टर्न। (रॉयटर्स)

शी से 'सुपर इंटेलिजेंस' पर चर्चा के बाद ट्रंप का यू-टर्न। (रॉयटर्स)

HighLights

  1. ट्रंप ने एआई में चीन के साथ मिलकर काम करने से इनकार किया।

  2. अमेरिका एआई क्षेत्र में अपनी तकनीकी बढ़त बनाए रखना चाहता है।

  3. ताइवान, क्यूबा, वेनेजुएला पर भी ट्रंप ने की महत्वपूर्ण चर्चा।

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा है कि चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ संबंधों में नजदीकी के बावजूद एआइ के मामले में अमेरिका चीन के साथ मिलकर काम नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की इस तकनीक को लेकर राह अलग रहेगी और अमेरिका अपनी बढ़त बनाए रखने पर ध्यान देगा।

व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि चिनफिंग के साथ एआइ को लेकर गंभीर चर्चा हुई है। उनके मुताबिक, चीन चाहता है कि अमेरिका एआइ का विकास रोक दे, क्योंकि फिलहाल अमेरिका इस क्षेत्र में चीन से आगे है। उन्होंने कहा कि अमेरिका इस बढ़त को बनाए रखना चाहता है।

ट्रंप के अनुसार, एआई से जुड़ी मौजूदा पहलों में चीन के साथ एकीकरण की अमेरिका की कोई योजना नहीं है।उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि इस मुद्दे पर चिनफिंग के साथ बातचीत में उन्होंने ज्यादा समय नहीं लगाया। ट्रंप ने कहा कि जब कोई देश किसी क्षेत्र में आगे होता है तो वह इस बारे में दूसरे पक्ष के सामने ज्यादा खुलकर बात नहीं करता।

ताइवान पर भी हुई चर्चाताइवान के मुद्दे पर ट्रंप ने कहा कि चिनफिंग के साथ उनकी बातचीत में यह विषय उठा था। उनके मुताबिक, चिनफिंग इस मुद्दे पर अमेरिकी रुख को समझते हैं और इसलिए दोनों देशों के बीच इस पर चर्चा के लिए फिलहाल ज्यादा कुछ बाकी नहीं है।

क्यूबा से समझौते की उम्मीद

ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और क्यूबा जल्दी ही किसी समझौते पर पहुंच सकते हैं और क्यूबा के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की जरूरत नहीं पड़ेगी। ट्रंप प्रशासन की ओर से क्यूबा में सरकार बदलना मुख्य उद्देश्य बताए जाने के बीच दोनों देशों के संबंध तनावपूर्ण हैं। अमेरिका के तेल प्रतिबंधों के कारण क्यूबा गंभीर ऊर्जा संकट का सामना कर रहा है।

ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में कहा था कि अमेरिका क्यूबा की मदद करना चाहता है और वहां के लोग जल्द स्वतंत्र होंगे। उनके इस भाषण का क्यूबाई प्रतिनिधिमंडल ने बहिष्कार किया था।

वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति से चुनाव पर बात

ट्रंप ने बताया कि उन्होंने वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज से चुनाव को लेकर बातचीत की है। महासभा से इतर दोनों नेताओं की संक्षिप्त मुलाकात हुई थी।

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो के अनुसार, बातचीत में वेनेजुएला पर अरबों डालर के सरकारी कर्ज का मुद्दा भी उठा। रोड्रिगेज ने महासभा में अपने संबोधन में कहा था कि वेनेजुएला में जल्द चुनाव कराए जाएंगे।

(समाचार एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)