ट्रंप ने दिवंगत भारतवंशी पुलिस अधिकारी की विधवा से की बात
राष्ट्रपति ट्रंप ने गुरुवार दोपहर को दिवंगत पुलिस अधिकारी की पत्नी अनामिका सिंह और न्यूमैन पुलिस विभाग में उनके सहकर्मियों से बात की।
वाशिंगटन, प्रेट्र। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को दिवंगत भारतवंशी पुलिस अधिकारी रोनिल सिंह की विधवा और सहकर्मियों से बात की। अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे मैक्सिको के नागरिक गुस्तावो पेरेज एरियागा ने क्रिसमस की रात 33 वर्षीय रोनिल सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। 2011 में अमेरिकी पुलिस में शामिल हुए रोनिल न्यूमैन पुलिस विभाग में कॉरपोरल थे। घटना की रात वह ओवर टाइम कर रहे थे।
ह्वाइट हाउस की प्रेस सचिव सारा सैंडर्स ने बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप ने गुरुवार दोपहर को दिवंगत पुलिस अधिकारी की पत्नी अनामिका सिंह और न्यूमैन पुलिस विभाग में उनके सहकर्मियों से बात की। राष्ट्रपति ने रोनिल की बहादुरी की प्रशंसा करने के साथ ही उनकी पत्नी को सांत्वना दी। उन्होंने तेजी से इस मामले की जांच के लिए पुलिस विभाग की भी तारीफ की।
घटना की रात न्यूमैन इलाके में तैनात रोनिल ने नशे में वाहन चलाने के शक में एरियागा की गाड़ी रोकी थी। इससे नाराज एरियागा रोनिल पर गोलियां बरसा कर फरार हो गया था। एरियागा को बाद में केर्न काउंटी से गिरफ्तार कर लिया गया था। वह मेक्सिको भागने की फिराक में था।