विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीनेट में अपना नियंत्रण खो देगी ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी, सट्टा बाजार में डेमोक्रेट्स की बल्ले-बल्ले

Published: Tue, 27 Oct 2026 11:41 PM (IST)

अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सट्टा बाजार कालशी और पालीमार्केट के मुताबिक, प्रतिनिधि सभा पर डेमोक्रेट्स के नियंत्रण की संभावना ...और पढ़ें

प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेट्स की जीत की 90 प्रतिशत से ज्यादा संभावना

प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेट्स की जीत की 90 प्रतिशत से ज्यादा संभावना

HighLights

  1. प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेट्स की जीत की 90 प्रतिशत से ज्यादा संभावना, सीनेट पर कब्जे की उम्मीद भी बढ़ी\

  2. दोनों सदनों में बहुमत छिनने पर ट्रंप के लिए आगे की राह कठिन होगी, भारतवंशी विवेक रामास्वामी भी कमजोर स्थिति में

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के लिए मध्यावधि चुनाव बड़ी राजनीतिक परीक्षा बनने जा रहा है। तीन नवंबर को होने वाले चुनाव में एक सप्ताह से भी कम समय बचा है और सट्टा बाजार के अनुमान रिपब्लिकन पार्टी के लिए खतरे की घंटी बजा रहे हैं।

डेमोक्रेट्स के प्रतिनिधि सभा में बहुमत हासिल करने की संभावना करीब 90 प्रतिशत से अधिक आंकी जा रही है। सीनेट में भी उनकी स्थिति पहले से मजबूत हुई है। यदि ये अनुमान नतीजों में बदलते हैं, तो ट्रंप के लिए अपने कार्यकाल के बाकी दो वर्षों में विधायी एजेंडा आगे बढ़ाना मुश्किल हो सकता है।

अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सट्टा बाजार कालशी और पालीमार्केट के मुताबिक, प्रतिनिधि सभा पर डेमोक्रेट्स के नियंत्रण की संभावना क्रमशः 91 और 92 प्रतिशत है। इसके उलट रिपब्लिकन की जीत की संभावना कालशी ने केवल नौ प्रतिशत आंकी है।

मई में कालशी का अनुमान था कि डेमोक्रेट्स 226 सीटें जीतेंगे, लेकिन अक्टूबर में यह आंकड़ा बढ़कर 238 हो गया। प्रतिनिधि सभा की सभी 435 सीटों पर चुनाव होगा और बहुमत के लिए 218 सीटें जरूरी हैं।

सीनेट में भी डेमोक्रेट्स की बढ़त

सीनेट में मुकाबला ज्यादा करीबी है, लेकिन यहां भी डेमोक्रेट्स को बढ़त मिलती दिख रही है। कालशी ने उनके नियंत्रण हासिल करने की संभावना 63%, जबकि पालीमार्केट ने 66% बताई है। जून में कालशी का यह अनुमान 43% था।

सीनेट की 100 सीटों में से इस बार 35 पर चुनाव होना है। फिलहाल रिपब्लिकन के पास 53 और डेमोक्रेट्स के पास 47 सीटें हैं। डेमोक्रेट्स के साथ दो निर्दलीय सदस्य भी हैं।

कालशी के अनुमानों में अलास्का में डेमोक्रेट्स की जीत की संभावना 73%, ओहायो में 68%, टेक्सास में 66% और मेन में 59% है। हालांकि, ये संभावनाएं चुनावी नतीजों की गारंटी नहीं हैं।

विवेक रामास्वामी की राह भी मुश्किल

ओहायो के गवर्नर पद के लिए भारतवंशी रिपब्लिकन उम्मीदवार विवेक रामास्वामी को भी सट्टा बाजार से राहत मिलती नहीं दिख रही। कालशी के मुताबिक, उनकी जीत की संभावना महज 18% है, जबकि डेमोक्रेट उम्मीदवार एमी एक्टन की संभावना 82% है। पालीमार्केट ने भी एक्टन की जीत की संभावना 83% आंकी है।

ट्रंप के लिए अहम है चुनाव

फिलहाल कांग्रेस के दोनों सदनों में रिपब्लिकन का बहुमत ट्रंप को अपने एजेंडे पर आगे बढ़ने में मदद करता है। प्रतिनिधि सभा डेमोक्रेट्स के हाथ में जाने पर वे रिपब्लिकन समर्थित विधेयकों को रोकने और प्रशासन की जांच कराने की स्थिति में होंगे।

सीनेट भी उनके नियंत्रण में आई तो वरिष्ठ सरकारी और न्यायिक पदों पर नियुक्तियों को मंजूरी दिलाना ट्रंप के लिए कठिन हो सकता है।

कालशी के अनुसार, दोनों सदनों में डेमोक्रेट्स के बहुमत हासिल करने की संभावना 64% है, जबकि पालीमार्केट का अनुमान 66% है। दोनों सदनों में रिपब्लिकन का बहुमत बने रहने की संभावना क्रमशः 9.3 और आठ प्रतिशत है।