ट्रंप ने एलन मस्क को नेशनल मेडल से किया सम्मानित, बताया आधुनिक दौर का थॉमस एडिसन
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में अरबपति एलन मस्क को नेशनल मेडल ऑफ साइंस से सम्मानित किया और उन्हें आधुनिक दौर का थॉमस एडिसन बताया।

ट्रंप ने एलन मस्क को नेशनल मेडल से नवाजा (फोटो- रॉयटर्स)
HighLights
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एलन मस्क को नेशनल मेडल ऑफ साइंस से सम्मानित किया।
ट्रंप ने मस्क को आधुनिक युग का महान आविष्कारक थॉमस एडिसन बताया।
सत्य नडेला को भी नेशनल मेडल ऑफ टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन से नवाजा गया।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को व्हाइट हाउस में अरबपति एलन मस्क को नेशनल मेडल आफ साइंस से सम्मानित किया और उनकी जमकर सराहना की। उन्होंने मस्क को आधुनिक दौर का थॉमस एडिशन बताया।
ट्रंप ने माइक्रोसाफ्ट के सीईओ सत्य नडेला को भी सम्मानित किया। यह सम्मान प्रदान किए जाने से कुछ देर पहले ही अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने माइक्रोसाफ्ट पर ग्रीन कार्ड वीजा कार्यक्रम को लेकर कार्रवाई की।
बता दें कि थामस एडिशन एक महान आविष्कारक थे, जिन्होंने बिजली के बल्ब समेत कई चीजों का आविष्कार किया था। ट्रंप ने मेडल प्रदान करने से पहले टेस्ला और स्पेसएक्स के प्रमुख मस्क को उद्योग जगत का दिग्गज, प्रतिभाशाली इंजीनियर और दुनिया के महानतम टेक्नोलाजी उद्यमियों में से एक बताया।
उन्होंने कहा, 'ईमानदारी से कहूं तो उनके जैसा कोई नहीं। अमेरिकी इतिहास में बहुत कम लोगों ने राष्ट्रीय हितों को आगे बढ़ाने का उतना योगदान दिया है, जितना मस्क ने विभिन्न क्षेत्रों में किया है। उनकी प्रतिभा और प्रतिबद्धता ने उन कल्पनाओं को साकार किया है, जिन्हें कभी केवल विज्ञान कथा का हिस्सा माना जाता था।'
ट्रंप ने माइक्रोसाफ्ट के सीईओ नडेला को नेशनल मेडल आफ टेक्नोलाजी एंड इनोवेशन प्रदान करते हुए उनके काम की तारीफ की। जबकि नडेला ने सम्मान के लिए ट्रंप का आभार जताया।
ट्रंप ने गूगल के सह-संस्थापक सर्गेई ब्रिन, एनवीडिया के सीईओ जेनसेन हुआंग और साफ्टवेयर कंपनी एडवांस्ड माइक्रो डिवाइसेस की सीईओ लीसा सु को भी सम्मानित किया। (समाचार एजेंसी ANI के इनपुट के साथ)
