'एआई को काबू में रखने के लिए हमारे पास मजबूत व्यवस्था', तेजी से बढ़ते इस्तेमाल और खतरों के बीच बोले ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने एआई की सुरक्षा चिंताओं को खारिज करते हुए कहा कि अमेरिका के पास इसे नियंत्रित ...और पढ़ें

HighLights
ट्रंप ने एआई सुरक्षा चिंताओं को खारिज किया, नियामक व्यवस्था मजबूत।
एआई पर आशंकाएं चीन को फायदा पहुंचा सकती हैं, ट्रंप ने चेताया।
अमेरिका को एआई विकास के लिए मजबूत और समझदार राष्ट्रपति चाहिए।
रॉयटर, वाशिंगटन। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के तेजी से बढ़ते इस्तेमाल के बीच इसकी सुरक्षा को लेकर उठ रही चिंताओं को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने खारिज किया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के पास एआई कंपनियों को काबू में रखने और उनकी निगरानी के लिए पहले से ही पर्याप्त कानूनी और नियामकीय व्यवस्था है। ट्रंप ने यह भी चेताया कि एआई के विकास को लेकर लगातार आशंकाएं जताने से इसका फायदा चीन को हो सकता है।
ट्रंप ने अपने इंटरनेट मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर कहा कि अमेरिका में एआई कंपनियों के लिए पहले से ही बहुत से आपराधिक और नियामकीय कानून मौजूद हैं। उन्होंने एआई और डाटा सेंटर उद्योग के खिलाफ चल रही कथित मुहिम को भी खतरनाक बताया। ट्रंप के मुताबिक, इससे चीन को खुशी होगी।
उन्होंने एआई को लेकर सुरक्षा चिंताओं को कमतर बताते हुए कहा कि इसके विकास के लिए अमेरिका को केवल एक मजबूत और समझदार राष्ट्रपति की जरूरत है, जो अमेरिका के पास है। ट्रंप की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है जब एआई उद्योग के भीतर से भी इसके संभावित खतरों को लेकर आवाजें उठ रही हैं। पिछले सप्ताह एंथ्रोपिक के शोधकर्ता जैकब काक्सन ने एआई से मानव सभ्यता को खतरा बताते हुए इस्तीफा दिया था।
एआई के बढ़ते प्रभाव के साथ इसके दुरुपयोग, गलत सूचना, साइबर सुरक्षा और मानव नियंत्रण से बाहर जाने जैसी आशंकाएं लगातार चर्चा में हैं। ईरान को चीन से मदद मिलने की खबरों को किया खारिजट्रंप ने जार्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ईरान के हमलों के पीछे चीन की मदद होने की खबरों को भी खारिज किया।
‘वाल स्ट्रीट जर्नल’ की रिपोर्ट के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि चीन भी वही करता है जो अमेरिका करता है। ट्रंप ने कहा कि जिस तरह मीडिया चीन पर अमेरिकी जासूसी करने की बात करता है, उसी तरह अमेरिका भी चीन की जासूसी करता है।
ईरान समझौता करना चाहता है
ट्रंप खाड़ी क्षेत्र में जारी तनाव के बीच ट्रंप ने ईरान के साथ कूटनीतिक बातचीत की संभावना के भी संकेत दिए। उन्होंने दावा किया कि ईरान अमेरिका के साथ समझौता करने के लिए बेताब है। हालांकि, उन्होंने कहा कि अब यह फैसला अमेरिका को करना है कि वह ईरान से बातचीत करना चाहता है या नहीं। ट्रंप ने कहा कि बातचीत के लिए अमेरिका की ओर से रास्ता खुलना इसी सोच का हिस्सा है।
राष्ट्रपति पद के लिए वेंस पर अभी कुछ कहना जल्दबाजी
ट्रंप अमेरिका में 2028 के राष्ट्रपति चुनाव को लेकर उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के नाम की चर्चा के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिलहाल कोई स्पष्ट संकेत देने से परहेज किया है। आयरलैंड के शैनन से अमेरिका लौटते समय एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि 2028 का चुनाव अभी दूर है और इस बारे में कुछ कहना जल्दबाजी होगी।ट्रंप ने वेंस की तारीफ करते हुए कहा कि रिपब्लिकन पार्टी में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और वेंस भी उनमें से एक हैं। उन्होंने कहा कि वेंस अपना काम बहुत अच्छे ढंग से कर रहे हैं।
