रूसी डीजल डील पर इटली ने उठाए सवाल, PM मेलोनी बोलीं- जोखिम भरा है समझौता, प्रतिबंध होंगे कमजोर
अमेरिका-रूस डीजल समझौते पर इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने सवाल उठाया है।

रूसी डीजल डील पर इटली ने उठाए सवाल। (रॉयटर्स)
HighLights
ट्रंप ने रूसी डीजल समझौते को वैश्विक बाजार स्थिरता हेतु बताया।
अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने अस्थायी लाइसेंस जारी कर प्रतिबंधों में ढील दी।
समझौते की दोनों दलों ने 'विरोधी को उपहार' कहकर आलोचना की।
डिजिटल डेस्क, रोम। अमेरिका-रूस डीजल समझौते पर इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने सवाल उठाया है। उन्होंने बुधवार को कहा कि डीजल आपूर्ति को लेकर अमेरिका और रूस के बीच हुआ समझौता बहुत जोखिम भरा पसंद है, जो रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को यूक्रेन के साथ वार्ता टेबल पर बैठने के लिए मजबूर करने के प्रयासों के खिलाफ है।
मेलोनी ने इतालवी संसद में कहा,'इस फैसले का परिणाम अनिश्चित है, जबकि जोखिम स्पष्ट है। यह (समझौता) मास्को को वैधता देता है, जबकि वह यूक्रेनी शहरों पर लगातार बम बरसा रहा है। इससे युद्ध के लिए वित्तपोषण के लिए नया रास्ता खुलता है और परोक्ष रूप से (रूस के खिलाफ) प्रतिबंधों को कमजोर करता है।' उनका यह बयान इसी सप्ताह यूरोपीय यूनियन के होने वाले शिखर सम्मेलन से पहले आया है।
उल्लेखनीय है कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने नौ अक्टूबर को घोषणा की थी कि रूस तीन लाख टन से अधिक डीजल की आपूर्ति करेगा। इसके बाद नवंबर में पांच लाख टन और फिर इसके तुरंत बाद दस लाख टन डीजल की आपूर्ति की जाएगी।
इन खेपों की आपूर्ति आसान बनाने के लिए अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने अस्थायी लाइसेंस जारी किया है। इसके तहत वैश्विक बाजारों में रूसी डीजल की आपूर्ति पर लगे प्रतिबंधों में सात अप्रैल, 2027 तक ढील दी गई है।
सहयोग का नया रास्ता खुल सकता है: क्रेमलिन
रायटर्स के अनुसार, रूस के राष्ट्रपति भवन क्रेमलिन के दूत किरिल दिमित्रीय ने बुधवार को कहा कि अमेरिका-रूस डीजल समझौते से दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग के लिए नया रास्ता खुल सकता है।
रूसी डीजल हमारे लिए नहीं, विश्व बाजार के लिए है: ट्रंप
रूस के साथ डीजल समझौते को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रहे अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि रूस की रिफाइनरियों से मिलने वाला ईंधन वैश्विक बाजार को स्थिर करने के लिए है, जो ऊंची कीमतों से प्रभावित हुआ है।
ट्रंप ने कहा कि यह समझौता हमारे लिए नहीं है, बल्कि विश्व बाजार के लिए है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने मंगलवार को यहां पत्रकारों से कहा, 'यह डीजल का समझौता है। हमारे लिए नहीं। इसे दुनिया के बाजार में जारी किया जा रहा है। इसकी आपूर्ति हमें नहीं की जा रही है।'
रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक दोनों दलों के सांसदों के एक समूह ने ट्रंप को पत्र लिखकर इस समझौते को 'हमारे विरोधी के लिए उपहार और हमारे सहयोगियों के साथ विश्वासघात' करार दिया है।
(समाचार एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)
