कैलिफोर्निया की आग के लिए ट्रंप ने पर्यावरणीय कानूनों को ठहराया दोषी
डोनाल्ड ट्रंप ने कैलिफोर्निया के जंगलों की बढ़ती आग के लिए खराब पर्यावरणीय कानून को दोषी ठहराया।
वाशिंगटन (एएनआइ)। संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कैलिफोर्निया के जंगलों की बढ़ती आग के लिए खराब पर्यावरणीय कानून को दोषी ठहराया। उन्होंने कहा कि कैलिफोर्निया राज्य जल रहा है क्योंकि मौजूदा कानून के कारण उपलब्ध पानी का उचित उपयोग नही हो पा रहा है।
ट्रंप ने ट्विटर पर लिखा कि कैलिफोर्निया के जंगलों की आग दिन पर दिन बिगड़ती जा रही है। लेकिन खराब पर्यावरणीय कानूनों के कारण हालात बदतर हो रहे हैं। मौजूदा कानूनों के अनुसार उपलब्ध पानी का उपयोग करने की इजाजत नहीं है। इस पानी को प्रशांत महासागर की तरफ डायवर्ट किया जा रहा है। आग को रोकने के लिए जंगलों में पेड़ों को भी काट देना चाहिए।
उन्होंने अपने अगले ट्वीट में लिखा कि कैलिफोर्निया के गवर्नर जैरी ब्राउन को उत्तर से पानी के 'मुक्त प्रवाह' की अनुमति देनी चाहिए, न कि उसे प्रशांत महासागर की तरफ डायवर्ट करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस पानी का आग, खेती और अन्य सभी चीजों के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।
गौरतलब है कि कैलिफोर्निया भीषण आग की चपेट में है। यह आग तेजी से फैल रही है। अब तक इसमें कम से कम 34 मौतें हो चुकी है और 9 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यहां पर राहत बचाव के कार्य व्यापक रूप से चलाए जा रहे हैं। कई लोग लापता भी बताये जा रहे हैं। कैलिफोर्निया के गवर्नर जेरी ब्रॉन ने नापा, सोनोमा और यूबा में आपातकाल की घोषणा की है। इस बीच अग्नि शामक दल गर्म, शुष्क और हवादार परिस्थितियों में जल रहे 17 प्रमुख जंगलों से आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं।
इस आग से सबसे ज्यादा शास्ता काउंटी का रेडिंग शहर प्रभावित हुआ हैं। शहर के आसपास रहने वाले 38 हजार लोग अपना घर छोड़ने पर मजबूर हुए हैं। आग से 650 घर नष्ट हो गए।