विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ईरान पर हमले के बाद पहली बार मिले ट्रंप-नेतन्याहू, क्षेत्रीय सुरक्षा और अब्राहम समझौते पर हुई चर्चा

Published: Wed, 29 Jul 2026 02:33 AM (GMT+05:30)

ईरान युद्ध शुरू होने के बाद पहली बार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की मंगलवार को व्हाइट हाउस में आमने-सामने मुलाकात हुई।

ईरान पर हमले के बाद पहली बार मिले ट्रंप-नेतन्याहू (फोटो- रॉयटर)

ईरान पर हमले के बाद पहली बार मिले ट्रंप-नेतन्याहू (फोटो- रॉयटर)

HighLights

  1. डेढ़ घंटे चली बंद कमरे में वार्ता, ईरान, क्षेत्रीय सुरक्षा और अब्राहम समझौते पर चर्चा

  2. ट्रंप ने अलग से जेलेंस्की से भी की मुलाकात, यूक्रेन की रक्षा जरूरतों पर हुई बातचीत

एपी, वाशिंगटन। ईरान युद्ध शुरू होने के बाद पहली बार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की मंगलवार को व्हाइट हाउस में आमने-सामने मुलाकात हुई।

करीब डेढ़ घंटे चली बंद कमरे की इस बैठक में दोनों नेताओं ने ईरान, क्षेत्रीय सुरक्षा, लेबनान की स्थिति और पश्चिम एशिया में तनाव कम करने के प्रयासों पर चर्चा की।

व्हाइट हाउस ने बातचीत को "सकारात्मक और रचनात्मक" बताया, हालांकि बैठक का विस्तृत ब्योरा सार्वजनिक नहीं किया गया।यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब हाल के महीनों में दोनों नेताओं के रिश्तों में आई खटास की चर्चा रही है।

अमेरिकी मीडिया के अनुसार, ट्रंप नेतन्याहू की ओर से ईरान की कथित परमाणु गतिविधियों से जुड़ी खुफिया जानकारी सार्वजनिक किए जाने से नाराज थे।

हाल ही में ट्रंप ने संकेत दिया था कि दोनों के बीच कुछ मतभेद हैं, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें ईरान की गतिविधियों की पूरी जानकारी है और स्थिति पर अमेरिका की नजर बनी हुई है।राजनीतिक दृष्टि से भी यह बैठक दोनों नेताओं के लिए अहम मानी जा रही है।

इजरायल में अक्टूबर में आम चुनाव प्रस्तावित हैं, जबकि अमेरिका में नवंबर में मध्यावधि चुनाव होने हैं। ऐसे में दोनों देशों के नेतृत्व पर घरेलू राजनीतिक दबाव भी बढ़ा हुआ है।

बैठक के दौरान ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने, लेबनान में सुरक्षा व्यवस्था और अब्राहम समझौतों के विस्तार जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। बैठक के दौरान व्हाइट हाउस के बाहर नेतन्याहू के विरोध में प्रदर्शन भी हुआ, जबकि सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।

जेलेंस्की से भी मिले ट्रंप, रक्षा सहयोग पर हुई चर्चा

वाशिंगटन दौरे के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से भी अलग से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच यूक्रेन की रक्षा जरूरतों और वहां विकसित सैन्य तकनीक पर चर्चा हुई। अमेरिकी प्रशासन यूक्रेन को पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम के इंटरसेप्टर के लाइसेंस आधारित उत्पादन की अनुमति देने के प्रस्ताव पर भी विचार कर रहा है।

जेलेंस्की ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म टेलीग्राम पर बैठक को सकारात्मक बताया।दोनों नेताओं ने दिवंगत अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम को भी श्रद्धांजलि दी। ग्राहम के अंतिम संस्कार में ट्रंप, नेतन्याहू और जेलेंस्की सहित कई अमेरिकी और विदेशी नेता शामिल हुए।

ग्राहम को अमेरिका की विदेश और रक्षा नीति का प्रभावशाली समर्थक माना जाता था। ग्राहम का मंगलवार को वाशिंगटन के नेशनल कैथेड्रल में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।