ट्रंप प्रशासन ने कहा, एच1बी वीजा से श्रेष्ठ प्रतिभा का चयन होना चाहिए
अमेरिका में ट्रंप प्रशासन ने सांसद की एक शक्तिशाली कमेटी के सामने कहा कि एच1बी वीजा के जरिए श्रेष्ठ प्रतिभाओं का चयन किया जाना चाहिए।
वाशिंगटन, प्रेट्र। अमेरिका में ट्रंप प्रशासन ने सांसद की एक शक्तिशाली कमेटी के सामने कहा कि एच1बी वीजा के जरिए श्रेष्ठ प्रतिभाओं का चयन किया जाना चाहिए। ट्रंप प्रशासन ने इस बात पर जोर दिया है कि अमेरिका में काम करने की अस्थायी अनुमति देने वाले इस वीजा के चलते स्थानीय लोगों को नुकसान नहीं होना चाहिए। भारतीय आईटी कंपनियां सबसे ज्यादा इस वीजा का इस्तेमाल करती हैं।
होमलैंड सिक्योरिटी सचिव केर्स्टजेन नीलसन ने सीनेट की न्यायिक कमेटी को बताया कि हर साल एच1बी वीजा के लिए निर्धारित संख्या से ज्यादा आवेदन आते हैं। इसलिए हमारा प्रयास होना चाहिए कि हम इन आवेदनों में से अपने यहां काम करने के लिए श्रेष्ठ कर्मचारियों का चयन करें।
उन्होंने कहा कि होमलैंड सिक्योरिटी विभाग यह सुनिश्चित करना चाहता है कि विदेश से सस्ते कर्मचारियों के चलते अमेरिकी लोगों की अनदेखी नहीं हो। साथ ही कंपनियां या उनके एजेंट विदेशी कर्मचारियों का शोषण भी नहीं करने पाएं।
एच1बी वीजा एक गैर प्रवासी वीजा है,जो किसी कर्मचारी को अमेरिका में छह साल तक काम करने के लिए जारी किया जाता है। इसके जरिए अमेरिकी कंपनियों को ऐसे विदेशी कुशल कर्मचारियों को रखने की अनुमति दी जाती है जिनकी देश में कमी हो। लेकिन आरोप लगता है कि अमेरिकी कंपनियां भारत और चीन से सस्ते में किसी भी तरह के कर्मचारियों को इस वीजा पर रख लेती हैं।