मुस्लिम ब्रदरहुड को आतंकी संगठन घोषित करने की तैयारी में ट्रंप प्रशासन
ट्रंप प्रशासन मिस्र के मुस्लिम ब्रदरहुड को आतंकी संगठन घोषित करने की तैयारी में जुट गया है। यह संगठन देश में इस्लामिक कानून लागू कराने के लिए कई दशकों से हिंसा करा रहा है।
वाशिंगटन, आइएएनएस। अमेरिका का ट्रंप प्रशासन मिस्र के मुस्लिम ब्रदरहुड को आतंकी संगठन घोषित करने की तैयारी में जुट गया है। मिस्र में 1928 में बना यह संगठन देश में इस्लामिक कानून लागू करने के अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए कई दशकों से हिंसा का इस्तेमाल कर रहा है।
स्थानीय मीडिया में मंगलवार को कहा गया कि व्हाइट हाउस ने राष्ट्रीय सुरक्षा और राजनयिक अधिकारियों को इस संगठन पर प्रतिबंध लगाने का रास्ता तलाशने का निर्देश दिया है। यह आदेश गत नौ अप्रैल को मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतेह अल-सिसी के अमेरिका दौरे के बाद दिया गया।
उन्होंने ट्रंप से निजी मुलाकात में इस इस्लामिक संगठन को आतंकी संगठन घोषित कराने के मिस्र के प्रयास से जुड़ने की अपील की थी। इस पर ट्रंप ने अल-सिसी से कहा था, 'इस पर गौर किया जाएगा।' व्हाइट हाउस की प्रवक्ता सारा सैंडर्स ने भी कहा कि ट्रंप प्रशासन मुस्लिम ब्रदरहुड को आतंकी संगठन घोषित करने की दिशा में काम कर रहा है। आतंकी संगठन घोषित होने पर मुस्लिम ब्रदरहुड पर आर्थिक और यात्रा समेत कई तरह के प्रतिबंध लग जाएंगे।