भारत के तीन किशोरों का कमाल, टाइम मैगजीन में शामिल हुआ नाम
सूची में भारतीय मूल की अमेरिकी काव्या कोप्पारपू, भारतीय-अमेरिकी रिषभ जैन और ब्रिटिश-अमेरिकी अमिका जॉर्ज के नाम शामिल हैं।
ह्यूस्टन, प्रेट्र। अमेरिका की टाइम मैगजीन की ओर से इस साल जारी दुनिया के 25 प्रभावशाली किशोरों की सूची में तीन भारतवंशी छात्रों को भी शामिल किया गया है। 2018 की इस सूची में दुनियाभर के उन किशोरों को शामिल किया गया है जो अपने काम और लगन के कारण लोगों के लिए प्रेरणा बनकर उभरे हैं।
सूची में भारतीय मूल की अमेरिकी काव्या कोप्पारपू, भारतीय-अमेरिकी रिषभ जैन और ब्रिटिश-अमेरिकी अमिका जॉर्ज के नाम शामिल हैं। आठवीं कक्षा के छात्र रिषभ ने एक ऐसा एल्गोरिदम तैयार किया है, जिससे पैंक्रियाज (अग्नाशय) के कैंसर से जूझ रहे लोगों के इलाज में मदद मिल सकती है। वहीं काव्या ने एक ऐसा डीप-लर्निग कंप्यूटर सिस्टम विकसित किया है जो ब्रेन (मस्तिष्क) कैंसर के इलाज में मददगार है। इस सिस्टम की बदौलत यह समझने में मदद मिलेगी कि पिछले 30 साल से ब्रेन कैंसर के इलाज की दिशा में विशेष तरक्की क्यों नहीं हो पाई है।
मैगजीन के मुताबिक, काव्या का बनाया सिस्टम प्रत्येक मरीज के हिसाब से इलाज तय करने (टार्गेटेड थेरेपी) में सहायक होगा। वहीं अमिका ने एक अभियान चलाकर ब्रिटिश सरकार को इस बात के लिए राजी किया कि ऐसी लड़कियों और महिलाओं को मासिक धर्म के दिनों में सैनिटरी पैड दिए जाएं, जो खरीदने में अक्षम हैं। उनके अभियान को मिले समर्थन के बाद पहली बार सरकार ने इस मद में फंड आवंटित करने का फैसला लिया।