9/11 Attack: दुनिया ने याद किया आतंकी त्रासदी का मंजर, यूएन प्रमुख व एजिलाबेथ सहित कई देशों के नेताओं ने व्यक्त की संवेदना
Twenty Years of 9/11 Attack संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतेरस ने अमेरिका में हमले की बरसी पर कहा कि हम दुनियाभर में आतंकवाद का शिकार लोगों की जरूरतों और उनके अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध हैं ।
न्यूयार्क, एपी। अमेरिका में 20 साल पहले हुए सदी के सबसे भयानक आतंकी हमले की बरसी पर राष्ट्रपति जो बाइडन ने समस्त देशवासियों से एकता बनाए रखने की अपील की है। बाइडन ने कहा कि हमले के बाद देशवासियों ने जैसी एकता दिखाई थी, उसी भावना के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है। बाइडन आतंकी हमले में मारे जाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए तीनों घटनास्थल पर गए। उन्होंने इस मौके पर घटनास्थल पर भाषण देने के बजाय रात में ही एक वीडियो संदेश जारी किया।
उन्होंने कहा कि अब देश को उसी जज्बे से एकता दिखानी है, जो हमले के बाद देखने को मिली थी। एकता ही अमेरिकनों की सबसे बड़ी ताकत है। बाइडन न्यूयार्क रात में ही पहुंच गए। आतंकी हमले में गिरे ट्विन टावर के स्थल 'राष्ट्रीय सितंबर 11 मेमोरियल' पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। यहां रोशनी करके मृतकों की याद में प्रार्थना की गई। इसके बाद वे यहां से पेसिंलवेनिया के शैंक्सविले के पास में मैदान में पहुंचे। जहां एक विमान आसमान से गिरा था। इस विमान में सवार यात्रियों ने आतंकियों से संघर्ष करने के बाद इस विमान को न्यूयार्क जाने से रोक दिया था। दोनों स्थानों के बाद वह पेंटागन के लिए रवाना हो गए।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने पूर्व रिकार्डेड संदेश में कहा कि चाहे कितना भी समय बीत गया हो, इस हमले की याद से आज भी उतना ही दर्द उभरने लगता है।
जो बाइडन 11 सितंबर, 2001 में न्यूयार्क में आतंकी हमले के दौरान सीनेटर थे, अब वह कमांडर इन चीफ होकर बरसी मना रहे हैं। बाइडन 9/11 हमले की बरसी पर श्रद्धांजलि देने वाले चौथे राष्ट्रपति हैं।
प्रेट्र के अनुसार, संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने अमेरिका में हमले की बरसी पर कहा कि हम दुनियाभर में आतंकवाद का शिकार लोगों की जरूरतों और उनके अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि बीस साल पहले अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने आतंकवाद विहीन भविष्य के लिए एकता की बात कही थी, हमें उसे याद रखना चाहिए।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जानसन ने कहा है कि 9/11 हमले को अंजाम देने वाले आतंकी स्वतंत्रता और लोकतंत्र के प्रति लोगों के विश्वास को डगमगाने में बुरी तरह असफल रहे हैं।
ब्रिटेन की महारानी क्वीन एलिजाबेथ ने बीस साल पहले हमले में मारे गए 3000 लोगों और पीड़ितों के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि हमले के बाद 2010 में वे घटनास्थल वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर गई थीं। आज उसकी याद ताजा हो गई है। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे इन ने भी हमले में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना जताई है।
हमले की याद करते ही सिहर जाता है सिबी
बीस साल पहले न्यूयार्क के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हुए हमले की याद करके सेकू सिबी आज भी सिहर जाता है। उसने बताया कि वह विंडोज आन द वर्ल्ड रेस्टोरेंट में कुक था। घटना वाले दिन उसने अपनी ड्यूटी एक कर्मचारी के साथ बदल ली थी। इससे वह बच गया। आज भी वह अपने उस सहयोगी की फोटो अपने साथ रखता है। उसने कहा कि वह 1996 में काम की तलाश में आइवरी कोस्ट से आया था। उसके साथ के अधिकांश कर्मचारी इस हमले में मारे गए। अब वह रेस्टोरेंट में काम करने वाले कर्मचारियों की हालत सुधारने के लिए काम कर रहा है और रेस्टोरेंट कर्मचारियों के एक संगठन का अध्यक्ष भी है।