अमेरिकी पोस्टल सर्विस ने दिवाली पर जारी किया डाक टिकट, रंगोली भी बनाई
अमेरिकी डाक सेवा ने दिवाली के उपलक्ष्य में एक विशेष डाक टिकट जारी किया है, जिस पर ह्यूस्टन की कलाकार संगीता भूताडा द्वारा बनाई गई रंगोली का सुंदर डिजाइन है।

अमेरिका में दिवाली पर जारी हुआ डाक टिकट।
HighLights
अमेरिकी डाक सेवा ने दिवाली के लिए विशेष डाक टिकट जारी किया।
टिकट पर ह्यूस्टन की कलाकार संगीता भूताडा की रंगोली डिजाइन।
भारतीय दूतावास में राजदूत क्वात्रा ने टिकट का अनावरण किया।
डिजिटल डेस्क, वॉशिंगटन। अमेरिकी डाक सेवा ने दिवाली के उपलक्ष्य में एक डाक टिकट जारी किया है। इसपर ह्यूस्टन में रहने वाली कलाकार संगीता भूताडा द्वारा बनाई गई एक बेहद सुंदर रंगोली का डिजाइन है।
बुधवार शाम को यहां भारतीय दूतावास में आयोजित एक कार्यक्रम में, अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा, अमेरिकी डाक सेवा की सीनियर वाइस प्रेसिडेंट शिबानी गंभीर और संगीता भूताडा ने इस डाक टिकट का अनावरण किया।
रंगोली भी बनाई
अमेरिकी डाक सेवा ने रंगोली को एक जीवंत कलाकृति बताया। इसे पारंपरिक रूप से रंगीन चावल के पाउडर, चाक और फूलों की पंखुड़ियों जैसी चीजों से बनाया जाता है और माना जाता है कि इससे सौभाग्य आता है।
किसने डिजाइन किया डाक टिकट?
मूल रूप से भारत की रहने वालीं संगीता भूताडा लंबे समय से ह्यूस्टन इलाके में रह रही हैं। वह लगभग 30 वर्षों से रंगोली की इस प्राचीन लोक कला का अभ्यास कर रही हैं। इस डाक टिकट को जेनिफर अर्नोल्ड ने डिजाइन किया है, और विलियम जे. गिकर इसके आर्ट डायरेक्टर थे।
