विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेरिका अभी भी कीव को दे रहा खुफिया सूचनाएं, रूस ने दो यूक्रेनी जहाजों पर किए हमले

Published: Wed, 14 Oct 2026 02:18 AM (IST)

मेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने साफ किया है कि अमेरिका यूक्रेन की मदद कर रहा है और अभी भी उसके साथ खुफिया सूचनाएं साझा कर रहा है।

अमेरिका अभी भी कीव को दे रहा खुफिया सूचनाएं (फोटो- रॉयटर)

अमेरिका अभी भी कीव को दे रहा खुफिया सूचनाएं (फोटो- रॉयटर)

HighLights

  1. ट्रंप ने डीजल खरीद पर रूस से बनी सहमति का किया बचाव

  2. रूस ने हथियार लेकर यूक्रेन आ रहे दो जहाजों पर किए हमले

रॉयटर, वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ किया है कि अमेरिका यूक्रेन की मदद कर रहा है और अभी भी उसके साथ खुफिया सूचनाएं साझा कर रहा है। हम चाहते हैं कि यूक्रेन और रूस के बीच छिड़ा युद्ध खत्म हो जाए, इसी उद्देश्य को लेकर अमेरिका दोनों देशों के बीच मध्यस्थता कर रहा है।

ट्रंप ने साफ किया कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की भी युद्ध खत्म करना चाहते हैं लेकिन उनके बीच बहुत ज्यादा घृणा भाव हैं। उन्हें भी नहीं पता है कि कैसे यह युद्ध खत्म होगा।

रूस के साथ हाल ही में डीजल की खरीद के संबंध में बनी सहमति पर ट्रंप ने कहा, इसका उनकी रिपब्लिकन पार्टी और विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी, दोनों दलों के सांसद विरोध कर रहे हैं। वे कह रहे हैं कि रूसी डीजल की खरीद से रूस के तेल निर्यात पर लगाए गए अमेरिका के प्रतिबंध का ही उल्लंघन होगा।

अमेरिका ने यह प्रतिबंध रूस द्वारा यूक्रेन पर हमले के विरोध में लगाया है। इस पर ट्रंप ने कहा, यह सौदा हम अपने लिए नहीं कर रहे हैं, यह सौदा विश्व के लिए हो रहा है। रूसी डीजल का निर्यात पूरे विश्व में होगा जिससे उसकी कीमत नीचे जाएगी और बहुत सारे लोग लाभान्वित होंगे।

यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा है कि उनके देश पर रूसी मिसाइल हमले की पश्चिमी देशों से यूक्रेन को पूर्व चेतावनी नहीं मिलती है। लेकिन ट्रंप द्वारा ऊर्जा संयंत्रों पर हमले न करने की अघोषित व्यवस्था लागू करने के बाद यूक्रेन ने किसी भी रूसी आयल रिफायनरी पर हमला नहीं किया है।

विदित हो कि रूस ने भी दो दिन से यूक्रेन के किसी ऊर्जा संयंत्र पर हमला नहीं किया है। यह स्थिति तब बनी है जब ट्रंप प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यूक्रेन से साफ कह दिया कि अगर उसने रूस की आयल रिफायनरी पर हमले बंद न किए तो अमेरिका उसे खुफिया सूचना और हथियार देना बंद कर देगा।

इस बीच रूस ने कहा है कि उसने यूक्रेन के मीकोलेव बंदरगाह के नजदीक दो मालवाही जहाजों को निशाना बनाया है। ये जहाज सैन्य सामग्री और दोहरे इस्तेमाल वाले उपकरणों को लेकर आए थे। इसके अतिरिक्त रूस ने यूक्रेन के कई ऐसे ठिकानों पर हमले किए हैं जहां पर सैन्य सामग्री तैयार होती थी।

इस बीच यूरोपीय संघ ने मिसाइल और ड्रोन के निर्माण में सहयोग देने वाले रूस के 1,600 लोगों और कंपनियों पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है।