इस तरह के परोपकार करने से बढ़ता है आत्मविश्वास
अमेरिका की ब्रिघम यंग यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने अध्ययन के बाद निकाला निष्कर्ष, किशोरों के लिए अच्छी है मदद और चीजें साझा करने की भावना
न्यूयॉर्क (प्रेट्र)। अजनबियों की नि:स्वार्थ भाव से मदद करने या उनके साथ अपनी चीजें साझा करने से किशोरों के आत्मविश्वास में वृद्धि होती है। यह बात एक अध्ययन में सामने आई है। अमेरिका की ब्रिघम यंग यूनिवर्सिटी (बीवाइयू) के वैज्ञानिकों ने पाया कि यह बात उन लोगों पर लागू नहीं होती है जो सिर्फ अपने दोस्तों या परिजन की मदद करते हैं।
बीवाइयू की प्रोफेसर लॉरा पडिला-वाकर के मुताबिक, यह अध्ययन हमें इस चीज को समझने में मदद करता है कि जो किशोर अपरिचित लोगों की मदद करते हैं, वे कुछ समय बाद खुद को लेकर बेहतर महसूस करते हैं। बकौल लॉरा, किशोरावस्था में आत्मसम्मान के महत्व को देखते हुए यह शोध महत्वपूर्ण है।
अध्ययन में सामने आया है कि केवल रिश्तेदारों या दोस्तों की मदद करने की तुलना में अजनबियों की मदद करने का व्यक्ति की नैतिक पहचान या स्वयं को लेकर उसकी सोच पर अधिक उल्लेखनीय प्रभाव पड़ता है। इससे पहले किए गए शोधों में सामने आया था कि दूसरों की मदद करने वाले और सकारात्मक व्यवहार रखने वाले किशोर परेशानियों से दूर रहते हैं और उनके पारिवारिक संबंध भी मजबूत होते हैं, लेकिन ऐसा पहली बार है जब इस व्यवहार को आत्मविश्वास से जोड़ा गया है।
इस तरह किया अध्ययन
एडोलेसंस नामक जर्नल में प्रकाशित अध्ययन के मुताबिक, वैज्ञानिकों ने अमेरिका के दो शहरों में 11 से 14 वर्ष के किशोरों पर नजर रखी। वर्ष 2008 से शुरू हुआ यह अध्ययन 2011 तक चला, जिसमें चार अलग-अलग समय के दौरान उन्हें ट्रैक किया गया। इसके आधार पर वैज्ञानिक उपरोक्त निष्कर्ष पर पहुंचे। लॉरा के मुताबिक, वर्तमान में किशोर बहुत ही भ्रमित हैं। अपनी पहचान बनाने को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे में यह अध्ययन बताता है कि कितनी आसानी से किशोर आत्मविश्वास पा सकते हैं।
अभिभावक कर सकते हैं प्रेरित
शोधकर्ताओं के मुताबिक, किशोरों का आत्मविश्वास बढ़ाने में अभिभावक भी उनकी मदद कर सकते हैं। वे बस बच्चों को यह सीख दें कि अजनबियों और जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहें। ऐसा करने से न केवल उनमें अच्छे गुणों का विकास होगा, बल्कि उनमें सकारात्मक ऊर्जा के प्रवाह के साथ आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।
यह पढ़ें: अमेरिका बोला, वान्नाक्राई साइबर हमला उत्तर कोरिया की कारस्तानी