भारत अमेरिका के संबंध विश्वास पर आधारित, इसमें दिनों-दिन आ रही मजबूती : तरणजीत सिंह संधू
अमेरिका में भारत के राजदूत तरणजीत सिंह संधू ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच संबंध लगातार मजबूत होते जा रहे हैं। भारत और अमेरिका के बीच ना केवल रक्षा संबंध हैं वरन उनके स्वास्थ्य और फार्मा के क्षेत्र में भी रिश्ते बेहद गहरे हैं।
वाशिंगटन, पीटीआइ। अमेरिका में भारत के राजदूत तरणजीत सिंह संधू ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच संबंधों का आधार बहुत मजबूत है और यह लगातार बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ कर्मचारियों के लिए इंडिया हाउस में आयोजित कार्यक्रम में संधू ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच नासिर्फ रणनीतिक और रक्षा संबंध हैं बल्कि उनके स्वास्थ्य और फार्मा के क्षेत्र में भी रिश्ते बेहद गहरे हैं। उन्होंने कहा कि यह संबंध अब और गहरे होने जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि द्विपक्षीय संबंधों में एक बेहद मजबूत आधार है और यह आधार विश्वास का है। यह विश्वास बढ़ता जा रहा है। और हमारी इस साझेदारी में यह बहुत ही महत्वपूर्ण है। दोनों सदनों और सीनेट में सांसदों के करीबी सहयोगी, जिनमें अधिकांश भारतीय अमेरिकी हैं, अमेरिकी कांग्रेस की नीतियों को आकार देने में अहम भूमिका निभाते हैं। इनमें से कई ऐसे हैं जो आगे जाकर राष्ट्रपति प्रशासन के तौर पर काम करेंगे।
तरणजीत सिंह संधू ने जोर देकर कहा कि भारत का सस्ते इलाज और वैक्सीन में भारत का अहम योगदान है। उदाहरण के तौर पर छह साल पहले अमेरिका और भारत ने एक वैक्सीन बनाने का लिए करार किया था। एक अन्य वायरस रोटा वायरस के लिए भी बड़े पैमाने पर वैक्सीन का उत्पादन किया। उस करार में एक डोज की कीमत साठ डालर से एक डालर तक रखी गई।
वहीं समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिक अमेरिका और भारत के बीच विभिन्न मुद्दों पर संबंधों को मजबूत बनाने की कोशिशें लगातार जारी हैं। हाल ही में अमेरिका के डिपार्टमेंट आफ जस्टिस सिविल डिविजन कंज्यूमर प्रोटेक्शन ब्रांच के डिप्टी असिसटेंट जनरल अरुण जी राव और एफबीआई के अधिकारियों ने प्रवर्तन सहयोग को मजबूत करने के लिए सीबीआइ के अधिकारियों से मुलाकात की थी।