Move to Jagran APP

महाशक्ति अमेरिका भी महामारी कोविड-19 के वायरसों को रोक पाने में रहा नाकाम, सबसे ज्यादा मरीज

दुनिया की महाशक्ति के रूप में जाने जाने वाले अमेरिका में इन दिनों कोरोना वायरस के सबसे अधिक मरीज हो गए हैं। इससे इस महाशक्ति पर कई तरह के सवाल उठने लगे हैं।

By Vinay TiwariEdited By: Published: Sun, 29 Mar 2020 01:06 PM (IST)Updated: Mon, 30 Mar 2020 01:22 AM (IST)
महाशक्ति अमेरिका भी महामारी कोविड-19 के वायरसों को रोक पाने में रहा नाकाम, सबसे ज्यादा मरीज
महाशक्ति अमेरिका भी महामारी कोविड-19 के वायरसों को रोक पाने में रहा नाकाम, सबसे ज्यादा मरीज

नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। महाशक्ति अमेरिका में महामारी कोविड-19(COVID-19) के सबसे अधिक मरीज पाए जा रहे हैं, इनकी संख्या में दिनोंदिन बढ़ोतरी हो रही है। अमेरिका में इतने अधिक मरीज पाए जाने पर अब कई तरह के सवाल भी उठने लगे हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में अमेरिका शीर्ष पर है, इसके बाद इटली और फिर चीन का नंबर आ रहा है। चीन का तीसरे नंबर पर होना भी अपने आप में चौंकाने वाला है। चीन के दो प्रांतों से इस बीमारी की शुरूआत हुई उसके बाद भी वो तीसरे नंबर पर है जो किसी के गले नहीं उतर रहा है।

loksabha election banner

इस संक्रामक बीमारी के बारे में जब से दुनिया के देशों को पता चला है उसी के बाद से ये सवाल उठ रहा है कि चीन ने अपने यहां इस वायरस से बीमार और मरने वालों के आंकड़े छिपाए हैं। मगर सच्चाई अब तक सामने नहीं आ सकी है। 

अमेरिका में 1 लाख 4 हजार 837 संक्रमित 

फिलहाल अमेरिका में 1 लाख 4 हजार 837 लोग कोरोना वायरस की चपेट में आए हैं और यह संख्या लगातार बढ़ रही है। अमेरिका में अब तक 2200 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि इटली में 9,134 लोग संक्रमण का शिकार होकर अपनी जान गंवा चुके हैं। बीते कई दिनों सें वहां हर रोज 500 से ज्यादा लोगों की जान जा रही है। अब दुनिया भर में कोविड-19 (COVID-19)से प्रभावित लोगों की संख्या अब 6 लाख को पार कर गई है। यदि पूरी दुनिया की बात करें तो अब तक इससे 28 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। बीते दो दिनों से हर रोज दुनियाभर में एक लाख से ज्यादा लोग इससे संक्रमित हो रहे हैं।

स्पेन और जर्मनी भी घिरते जा रहे 

यूरोप में स्पेन और जर्मनी भी इसमें घिरते जा रहे हैं। स्पेन में पीड़ितों की संख्या 65 हजार और जर्मनी में 53 हजार को पार कर गई है। स्पेन में 5,690 लोगों की जान गई है जबकि जर्मनी में 395, स्पेन के लिए बीते 24 घंटे सबसे ज्यादा घातक साबित हुए। यहां 832 लोगों की जान गई है जो एक दिन में अब तक स्पेन के लिए सबसे ज्यादा है।

स्वास्थ्य सेवाओं और टेस्ट की सेवा को सुदृढ़ कर जर्मनी मौत की संख्या को एक हद तक रोकने में कामयाब हुआ है। इस समय जर्मनी ने हर हफ्ते पांच लाख लोगों का टेस्ट करने की क्षमता हासिल कर ली है। जर्मनी में पूरी तरह तालाबंदी नहीं है लेकिन जरूरी सेवाओं को छोड़ बाकी गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है। सरकार का कहना है कि फिलहाल जो हालात है उन्हें देख कर नहीं लगता कि 20 अप्रैल से पहले पाबंदियों को हटाया जा सकेगा। 

दो हजार अरब डॉलर का पैकेज मंजूर 

अमेरिका ने कोरोना वायरस से लड़ने के लिए दो हजार अरब डॉलर के पैकेज को मंजूरी दी है। इस पैसे से कोरोना पर लगाम लगाने के साथ ही अर्थव्यवस्था को संभालने के लिए उपाय किए जाएंगे। अमेरिका कई देशों को कोरोना से लड़ने में भी मदद दे रहा है। अमेरिकी सरकार ने कोरोना से प्रभावित 64 देशों को मदद के लिए चुना है जिनमें भारत भी शामिल है।

इस बीच दक्षिण कोरिया ने कोरोना पर लगाम कसने में बड़ी कामयाबी हासिल की है अब यहा पीड़ितों से ज्यादा संख्या उन लोगों की है जो इलाज के बाद स्वस्थ हो कर घर लौट गए हैं। दक्षिण कोरिया ने बड़े पैमाने पर टेस्ट के जरिए यह सफलता पाई है। यहां कुल 9,478 लोग इसकी चपेट में आए और इनमें से 144 लोगों की जान गई और 4,811 लोगों का इलाज हो चुका है।

रूस और आयरलैंड भी अब लगा रहे पाबंदी 

दक्षिण अफ्रीका में तालाबंदी शुरू होने के बाद अब रूस और आयरलैंड ने भी धीरे धीरे लोगों की गतिविधियों पर पाबंदी लगानी शुरू कर दी है। यहां रेस्तरां और कैफे बंद करने के आदेश दिए गए हैं। रूस में शुक्रवार तक 1000 लोगों में कोराना का संक्रमण हो चुका है अब यहां काम बंद करने के आदेश दिए गए हैं। यह पहला हफ्ता होगा जब रूस में दफ्तर बंद होंगे। रूसी सरकार के प्रवक्ता ने इस बात पर जोर दिया कि फिलहाल यहां महामारी जैसी स्थिति नहीं है। यूरोप के बाकी देशों से रूस की स्थिति फिलहाल इस मामले में बेहतर नजर आ रही है। 

चीन वापस लोगों के आने-जाने पर लगा रहा रोक 

इस बीच चीन ने अपने देश में लोगों के आने जाने पर व्यापक रोक लगाने की मुहिम शुरू की है। इसके तहत दुनिया भर से आने वाले लोगों को रोकने का फैसला किया गया है। जिन लोगों के पास वीजा है उसे भी स्थगित और रद्द किया जा रहा है। इस बीच वुहान में जिंदगी धीरे धीरे सामान्य हो रही है। यहीं पर कोरोना पैदा हुआ और फिर यहां से पूरी दुनिया में फैला।

अब तक सुरक्षित नजर आ रहे चीन के आसपास के कुछ देशों में संक्रमण बढ़ा है। शनिवार को मलेशिया में संक्रमण के 159 नए मामले सामने आए, यहां अब तक 2,320 लोग कोरोना की चपेट में आए हैं और 26 लोगों की मौत हुई है। इसी तरह इंडोनेशिया में 109 नए मामलों के साथ कुल संख्या 1,555 पर पहुंच गई है। इंडोनेशिया में 87 लोगों की मौत हुई है।   

ये भी पढ़ें-:

कोरोना वायरस से बचाव को जानें आपके घर में कैसा हो खान-पान 

कोरोना वायरस पर भारी पड़ा है लॉकडाउन, कई जगहों पर दिखाई दे रहा है असर 

COVID-19: क्‍या आप जानते हैं मुंह पर मास्‍क लगाने का सही तरीका, यदि नहीं तो यहां से सीखें 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.