छह भारतवंशी अमेरिकियों ने जीता गेट्स कैंब्रिज स्कॉलरशिप
अमेरिका की प्रतिष्ठित छात्रवृत्ति गेट्स कैंब्रिज के लिए 6 भारतीय छात्रों का चयन हुआ है।
वाशिंगटन, प्रेट्र। दो महिलाओं समेत छह भारतवंशी अमेरिकी बिल गेट्स कैंब्रिज स्कॉलरशिप के लिए चुने गए हैं। अमेरिका से 35 छात्रों का इस प्रतिष्ठित छात्रवृत्ति के लिए चयन हुआ है। बिल और मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन की तरफ से 21 करोड़ डॉलर (करीब 1352 करोड़ रुपये) की राशि के तहत छात्रवृत्ति दी जाती है।
इसका मकसद दुनिया भर के प्रतिभावान ग्रेजुएट छात्रों को यूनिवर्सिटी ऑफ कैंब्रिज में पढ़ाई के लिए समर्थ बनाना है। छात्रवृत्ति के लिए अन्य देशों के उम्मीदवारों के नामों की घोषणा अप्रैल में की जाएगी। गेट्स कैंब्रिज स्कॉलरशिप के लिए चुने गए भारतवंशी अमेरिकियों में नील डेवी, अयान मंडल, प्रणय नाडेला और वैतिश वेलाजहान शामिल हैं।
जबकि विजेता महिला भारतवंशी अमेरिकी के नाम कामया वारागुर और मोनिका कुल्लर हैं। डेवी ने कहा, 'गेट्स कैंब्रिज स्कॉलर के लिए चुने जाने पर काफी सम्मानित महसूस कर रहा हूं। इसके अलावा जज बिजनेस स्कूल में टेक्नोलॉजी में एमफिल की पढ़ाई से नया अकादमिक अनुभवी मिलेगा।' नाडेला ने कहा कि छात्रवृत्ति जीतने वाले समुदाय का हिस्सा बनने पर काफी उत्साहित हूं।