विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'चेतावनी हटवाने के लिए किया हमला', साइबर गैंग शाइनीहंटर्स ने हैक किया FBI का डेटाबेस; 5,000 एजेंट्स की जानकारी उजागर

Published: Thu, 24 Sep 2026 08:18 PM (IST)

अमेरिकी संघीय जांच एजेंसी (FBI) का भर्ती पोर्टल कुख्यात साइबर अपराधी गिरोह शाइनीहंटर्स ने हैक कर लिया है। गिरोह ने ...और पढ़ें

शाइनीहंटर्स ने एफबीआई भर्ती पोर्टल हैक कर डेटा लीक किया

शाइनीहंटर्स ने एफबीआई भर्ती पोर्टल हैक कर डेटा लीक किया

HighLights

  1. शाइनीहंटर्स ने एफबीआई का भर्ती पोर्टल हैक किया।

  2. 5,000 एफबीआई एजेंट्स की निजी जानकारी उजागर हुई।

  3. यह हमला एफबीआई की चेतावनी के बदले में किया गया।

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिकी संघीय जांच एजेंसी (FBI) का भर्ती पोर्टल हैक कर उसके कर्मचारियों और नौकरी के आवेदकों की अति-संवेदनशील निजी जानकारी चुराने का एक बड़ा मामला सामने आया है।

कुख्यात अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराधी गिरोह शाइनीहंटर्स ने लगभग 5 हजार एफबीआई एजेंट्स का डेटा लीक करने का दावा किया है। इस लीक में एजेंट्स के नाम, घर के पते, फोन नंबर और उनके पार्टनर्स से जुड़ी बेहद गोपनीय जानकारियां शामिल हैं।

गिरोह ने दावा किया है कि उनके पास एफबीआई की कई अन्य फाइलें और डेटा भी मौजूद हैं।

कार्रवाई से तिलमिलाकर किया हमला

शाइनीहंटर्स का कहना है कि एफबीआई ने मई महीने में उनके खिलाफ एक चेतावनी जारी की थी। इस चेतावनी को हटवाने और बदले की कार्रवाई के तहत उन्होंने यह हैक किया। हालांकि एफबीआई ने इस संभावित घुसपैठ की जांच शुरू कर दी है, लेकिन आधिकारिक तौर पर डेटा चोरी की पुष्टि नहीं की है।

इस घटनाक्रम के बीच मंगलवार को एफबीआई का भर्ती पोर्टल बंद (ऑफलाइन) पाया गया। विशेषज्ञों के अनुसार, एजेंट्स और उनके परिवारों की पहचान सार्वजनिक होने से उनकी सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

कौन है 'शाइनीहंटर्स' गिरोह?

यह एक अंतरराष्ट्रीय हैकर ग्रुप है। यह गिरोह बड़ी कंपनियों और सरकारी संस्थाओं का डेटा चुराकर बेचने और फिरौती मांगने के लिए जाना जाता है। इस गिरोह ने अब तक 60 से अधिक वैश्विक कंपनियों को हैक किया है।

हाल ही में इसने टिकटमास्टर के 56 करोड़ और सैंटेंडर बैंक के 3 करोड़ ग्राहकों का डेटा चुराने का दावा किया था। इसके अधिकांश सदस्य फ्रांस से बताए जाते हैं। 2024 में इस गिरोह से जुड़े फ्रांसीसी नागरिक सेबेस्टियन राउल्ट को अमेरिका में 3 साल की सजा सुनाई गई थी।

अमेरिकी जांच एजेंसियों पर लगातार हमले

अमेरिकी जांच एजेंसियों पर साइबर अटैक का यह कोई पहला मामला नहीं है। बीते महीने ही रूस समर्थित एक हैकर गिरोह ने हथियारों और विस्फोटकों से जुड़े अपराधों की जांच करने वाली अमेरिकी एजेंसी एटीएफ की कथित गोपनीय फाइलें लीक कर दी थीं।