Move to Jagran APP

धनी अमेरिकी लोगों की सूची में सात भारतवंशी भी शामिल, जेफ बेजोस लगातार तीसरे साल पहले स्थान पर

कोरोना महामारी के इस दौर में भी अमेरिकी धनवानों की संपत्ति में भारी वृद्धि हुई है। सूची में शामिल 400 लोगों की कुल संपत्ति 32 खरब डालर है।

By Arun Kumar SinghEdited By: Published: Wed, 09 Sep 2020 06:15 AM (IST)Updated: Wed, 09 Sep 2020 06:15 AM (IST)
धनी अमेरिकी लोगों की सूची में सात भारतवंशी भी शामिल, जेफ बेजोस लगातार तीसरे साल पहले स्थान पर
धनी अमेरिकी लोगों की सूची में सात भारतवंशी भी शामिल, जेफ बेजोस लगातार तीसरे साल पहले स्थान पर

 न्यूयार्क, प्रेट्र। अमेरिका के सर्वाधिक धनवान लोगों की सूची में अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस लगातार तीसरे साल पहले स्थान पर रहे। सबसे धनी अमेरिकी लोगों की फो‌र्ब्स की सूची में बिल और मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन के बिल गेट्स दूसरे स्थान पर रहे। 400 लोगों की इस सूची में इस बार सात भारतवंशी भी शामिल हैं। कोरोना महामारी के इस दौर में भी अमेरिकी धनवानों की संपत्ति में भारी वृद्धि हुई है। सूची में शामिल 400 लोगों की कुल संपत्ति 32 खरब डालर है। पिछले साल के मुकाबले कुल संपत्ति में 240 अरब डालर की वृद्धि हुई है। फो‌र्ब्स के अनुसार सर्वाधिक धनी जेफ बेजोस की कुल संपत्ति 179 अरब डालर है। वहीं बिल गेट्स की कुल संपत्ति 111 अरब डालर बताई गई है। 

loksabha election banner

सात भारतीय अमेरिकी लोगों ने भी जगह बनाई 

इस सूची में सात भारतीय अमेरिकी लोगों ने भी जगह बनाई है। इनमें साइबर सिक्योरिटी फर्म जेडस्कैलर के सीईओ जे चौधरी, सिंफनी टेक्नोलॉजी ग्रुप के संस्थापक चेयरमैन रोमेश बाधवानी, आनलाइन सामान पहुंचाने वाली कंपनी वेफेयर के सहसंस्थापक और सीईओ नीरज शाह, सिलिकॉन वैली वेंचर कैपिटल फर्म खोसला वेंचर्स के संस्थापक विनोद खोसला, शेरपालो वेंचर्स के पार्टनर कवितार्क राम श्रीराम, एयरलाइन वेटरन राकेश गंगवाल और वर्कडे के सीईओ और सहसंस्थापक अनील भूसरी शामिल हैं। 

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को 400 लोगों की सूची में 339वां स्थान मिला

इस सूची में फेसबुक संस्थापक मार्क जुकरबर्ग 85 अरब डालर की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर हैं। वर्कशायर हैथवे के सीईओ वारेन बफे चौथे स्थान पर रहे। उनकी कुल संपत्ति 73.5 अरब डालर बताई गई है। दिग्गज साफ्टवेयर कंपनी ओरेकल के संस्थापक और चीफ टेक्नोलॉजी आफीसर लैरी एलिसन को 72 अरब डालर की संपत्ति के साथ पांचवा स्थान मिला है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को सूची में 339वां स्थान मिला है। उनकी कुल संपत्ति 2.5 अरब डालर बताई गई है। भारतीय मूल के जे चौधरी को सूची में 85वां स्थान मिला है। उनकी संपत्ति 6.9 अरब डालर बताई गई है। वहीं रोमेश वाधवानी को 3.4 अरब डालर की संपत्ति के लिए सूची में 238वां स्थान मिला है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.