Move to Jagran APP

ग्लोबल वार्मिग के कारण तेजी से पिघल रहा ‘डूम्सडे’ ग्लेशियर, अध्ययन करने को रवाना हुई 32 विज्ञानियों की टीम

बढ़ते तापमान यानी ग्लोबल वार्मिग के कारण ग्लेशियरों का पिघलना विज्ञानियों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। अंटार्कटिका का थ्वेट्स ग्लेशियर भी तेजी से पिघल रहा है। गुरुवार को 32 विज्ञानियों का दल इस ग्लेशियर का अध्ययन करने के लिए रवाना हुआ है।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Published: Sun, 09 Jan 2022 12:13 AM (IST)Updated: Sun, 09 Jan 2022 12:13 AM (IST)
ग्लोबल वार्मिग के कारण तेजी से पिघल रहा ‘डूम्सडे’ ग्लेशियर, अध्ययन करने को रवाना हुई 32 विज्ञानियों की टीम
अंटार्कटिका का थ्वेट्स ग्लेशियर तेजी से पिघल रहा है। (Photo- AP)

स्टाकहोम, एपी। बढ़ते तापमान यानी ग्लोबल वार्मिग के कारण ग्लेशियरों का पिघलना और समुद्र का जलस्तर बढ़ना विज्ञानियों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। ग्लेशियरों में इतनी बर्फ जमी है कि यदि इनका जरा सा भी हिस्सा पिघल जाए तो दुनिया का बड़ा भाग डूब जाएगा। अंटार्कटिका का थ्वेट्स ग्लेशियर भी ऐसी ही अथाह बर्फ समेटे हुए है। गुरुवार को 32 विज्ञानियों का दल इस ग्लेशियर का अध्ययन करने के लिए रवाना हुआ है।

loksabha election banner

बढ़ते जलस्तर की अनिश्चितता

स्वीडन की यूनिवर्सिटी आफ गोथेनबर्ग की समुद्र विज्ञानी एना वेलिन ने कहा, ‘भविष्य में समुद्र का जलस्तर किस तरह से बढ़ेगा, इसे लेकर हम अनिश्चय की स्थिति में हैं। इस अनिश्चय में थ्वेट्स की बड़ी भूमिका है। यह बहुत अस्थिर है और यही चिंता की बात है।’

अध्ययन से मिलेगी अहम जानकारी

32 विज्ञानियों का दल अमेरिकी रिसर्च शिप के साथ रवाना हुआ है। विज्ञानी ऐसी जगह पहुंचेंगे, जहां अब से पहले विज्ञानियों का कोई दल नहीं गया है। 2019 में एक दल उस ओर गया था, लेकिन वह भी ग्लेशियर के किनारे तक नहीं पहुंचा था। इस बार विज्ञानी पानी का तापमान, समुद्र की सतह और बर्फ की मोटाई का अध्ययन करेंगे। इस दौरान बर्फ पर पड़ रही दरारों का भी विश्लेषण किया जाएगा।

दुनिया का सबसे बड़ा ग्लेशियर

अंटार्कटिका का थ्वेट्स आकार में दुनिया का सबसे बड़ा ग्लेशियर है। यह 1.92 लाख वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला है। इसका क्षेत्रफल गुजरात के बराबर है। इसमें जितनी बर्फ है और इससे समुद्र का स्तर बढ़ने का जितना खतरा है, उसे देखते हुए इसे डूम्सडे (प्रलय का दिन) ग्लेशियर भी कहा जाता है। आंकड़े बताते हैं कि थ्वेट्स से सालाना 50 अरब टन बर्फ पिघलकर समुद्र में मिल जाती है। ब्रिटिश अंटार्कटिक सर्वे के मुताबिक, दुनियाभर में समुद्र के बढ़ते स्तर में चार प्रतिशत की हिस्सेदारी थ्वेट्स की है।

शीशे की तरह चटक रही है सतह

ओरेगान स्टेट यूनिवर्सिटी की विज्ञानी इरिन पेटिट ने कहा कि इस ग्लेशियर का जमीनी हिस्सा अपनी पकड़ खो रहा है। इससे बर्फ का बड़ा हिस्सा समुद्र में पहुंच सकता है और फिर धीरे-धीरे पिघलकर तबाही ला सकता है। इसके अलावा चिंता की बात यह भी है कि इसकी बर्फीली सतह कार के शीशे की तरह चटक रही है। मात्र एक साल में 10 किलोमीटर तक लंबी दरारें पड़ रही हैं। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.