पुतिन के खिलाफ एक कदम और बढ़े ट्रंप, चुनाव में दखल के लिए रूसी राष्ट्रपति जिम्मेदार
अमेरिका में राष्ट्रपति ट्रंप के बयान पर मचे घमासान के बीच व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि कुछ अमेरिकी दोनों देशों के संबंधों को खत्म कर देना चाहते हैं।
वाशिंगटन, प्रेट्र। 2016 के चुनाव में रूस की दखल को पहले खारिज करने और फिर अपने बयान से पलटने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ एक कदम और आगे बढ़ गए हैं। अब उन्होंने कहा है कि वे राष्ट्रपति चुनाव में दखल के लिए पुतिन को निजी तौर पर जिम्मेदार मानते हैं।
एक निजी चैनल से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका का प्रभारी होने के नाते यहां पर जो कुछ होगा, उसकी जवाबदेही मेरी होगी। इसी तरह रूस का नेता होने के नाते उसके सारे कामकाज के लिए पुतिन ही जवाबदेह होंगे।
इस बीच, व्हाइट हाउस ने ट्रंप के बयानों को लेकर उठे विवाद के बीच रूस के प्रति अपना नर्म रुख दिखाया है। राष्ट्रपति भवन की प्रेस सचिव सारा सैंडर्स से जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या अमेरिका अब भी रूस के निशाने पर है, तो उन्होंने कहा, 'नहीं।'
उल्लेखनीय है कि हेलसिंकी में पुतिन के साथ शिखर बैठक के बाद ट्रंप ने कहा था कि राष्ट्रपति चुनाव में रूस का कोई दखल नहीं था। उस समय उन्होंने अपने देश की खुफिया एजेंसियों के जांच निष्कर्षो को ही गलत बताया था। हालांकि, अपने देश में जोरदार आलोचना के बाद वे अपने बयान से पलट गए थे।
रूस-अमेरिका संबंधों को खत्म करना चाहते हैं कुछ लोग: पुतिन
अमेरिका में राष्ट्रपति ट्रंप के बयान पर मचे घमासान के बीच व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि कुछ अमेरिकी दोनों देशों के संबंधों को खत्म कर देना चाहते हैं। मॉस्को में रूसी राजदूतों को संबोधित करते हुए पुतिन ने कहा कि मैं देख रहा हूं कि अमेरिका में बैठे कुछ लोग अपनी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं के चलते रूस-अमेरिका संबंध खत्म करने पर तुले हुए हैं। उनके लिए संकीर्ण राजनीतिक फायदा राष्ट्रीय हित से ऊपर है।