फेसबुक पर 12.6 करोड़ अमेरिकियों ने देखी थी रूसी चुनाव सामग्री
अमेरिका ने 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में रूस पर दखल देने का आरोप लगाया था। इस चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप विजेता बनकर उभरे और अमेरिका के 45वें राष्ट्रपति बने।
वाशिंगटन, पीटीआई। अमेरिका में पिछले साल हुए राष्ट्रपति चुनाव के दौरान रूस के दखल को लेकर नई जानकारी सामने आई है। दिग्गज सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक का अनुमान है कि राष्ट्रपति चुनाव के दौरान करीब 12.6 करोड़ लोगों यानी करीब एक तिहाई अमेरिकी आबादी ने रूस समर्थित प्रचार सामग्री देखी थी।
ट्विटर और गूगल का भी यही मानना है कि रूस समर्थित समूहों ने चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास किया था। अमेरिका ने 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में रूस पर दखल देने का आरोप लगाया था। इस चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप विजेता बनकर उभरे और अमेरिका के 45वें राष्ट्रपति बने।
चुनाव में रूसी दखल मामले की जांच कर रही सीनेट की न्यायिक समिति के सामने इन तीनों कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों की पेशी होने वाली है। वे समिति को यह जानकारी दे सकते हैं कि पूर्व के अनुमान से कहीं ज्यादा लोगों ने सोशल मीडिया पर रूसी प्रचार सामग्री देखी थी।
न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, फेसबुक समिति को यह जानकारी देगा कि करीब 12.6 करोड़ अमेरिकी यूजर्स ने रूसी स्रोत से डाले गए पोस्ट, खबरें और अन्य प्रचार सामग्री को पढ़ा था।
यह भी पढ़ें: अपना पहला तटीय परमाणु रिएक्टर बनाने के करीब पहुंचा चीन