अमेरिकी मीडिया में एक चौंकाने वाली खबर, फर्जी खबरों से वैक्सीन का दुष्प्रचार कर रहा रूस
वॉल स्ट्रीट जनरल के अनुसार रूस नियोजित तरीके से जनता के बीच फाइजर सहित अन्य अमेरिकी वैक्सीन के बारे में गलतफहमी फैला रहा है। ऐसे चार ऑनलाइन पब्लिकेशन लिंक जानकारी में आए हैं जिनका सीधा संबंध रूस की इंटेलिजेंस एजेंसी से है।
सैन फ्रांसिस्को, एजेंसी। कोरोना महामारी के बीच अमेरिका की मीडिया में एक चौंकाने वाली खबर आई है। खबर के मुताबिक रूस की खुफिया एजेंसियां अमेरिकी वैक्सीन को लेकर भ्रामक खबरें और जानकारियां फैला रही हैं। इसके लिए उसने फर्जी वेबसाइट का सहारा लिया है। वॉल स्ट्रीट जनरल के अनुसार रूस नियोजित तरीके से जनता के बीच फाइजर सहित अन्य अमेरिकी वैक्सीन के बारे में गलतफहमी फैला रहा है। ऐसे चार ऑनलाइन पब्लिकेशन लिंक जानकारी में आए हैं, जिनका सीधा संबंध रूस की इंटेलिजेंस एजेंसी से है।
ये वेबसाइट वैक्सीन के प्रभाव, उनकी क्षमता पर गलत जानकारियां दे रही हैं। अमेरिकी अधिकारियों और विदेश मंत्रालय के ग्लोबल इंगेजमेंट सेंटर ने कहा है कि इन वेबसाइट से ऐसी खबरों को कुछ इंटरनेशनल मीडिया भी ले रहे हैं और उसको प्रसारित कर रहे हैं। अमेरिका ने आगाह किया कि ये सभी रूस की खुफिया विभाग की रणनीति का हिस्सा है। इन सभी वेबसाइट से अमेरिका की जनता को भी आगाह किया जा रहा है। साइबर सिक्योरिटी फर्म चेक पाइंट रिसर्च ने कहा है कि नवंबर 2020 से अब अब तक ऐसे 7056 डोमेन बनाए गए हैं, इनमें से 294 बहुत ही घातक हैं।