दोबारा इस्तेमाल हो सकेगा N95 मास्क, शोधकर्ताओं ने कीटाणुरहित करने का खोजा तरीका
शोधकर्ताओं ने पाया है कि उच्च सापेक्ष आर्द्रता में N95 मास्क को धीरे-धीरे गर्म करने से SARS-CoV-2 वायरस को निष्क्रिय किया जा सकता है। इस प्रक्रिया में मास्क को नुकसान भी नहीं पहुंचेगा और स्वास्थ्य कर्मचारियों के संक्रमित होने का खतरा भी कम हो जाएगा।
ह्यूस्टन, पीटीआइ। कोरोना काल में स्वास्थ्य कर्मचारियों को N95 मास्क जैसे सुरक्षात्मक उपकरणों की कमी का सामना करना पड़ रहा है। उनके पास अपने उपकरणों को दोबारा इस्तेमाल करने का कोई विकल्प मौजूद नहीं है, इस वजह से उनके कोरोना संक्रमित होने का खतरा सबसे ज्यादा रहता है। लेकिन अब शोधकर्ताओं ने एक ऐसा तरीका खोज निकाला है, जिससे एन 95 मास्क को कीटाणुरहित करके उसे दोबार उपयोग में लाया जा सकता है।
स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय और टेक्सास मेडिकल शाखा विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने पाया है कि उच्च सापेक्ष आर्द्रता में N95 मास्क को धीरे-धीरे गर्म करने से SARS-CoV-2 वायरस को निष्क्रिय किया जा सकता है। इस प्रक्रिया में मास्क को नुकसान भी नहीं पहुंचेगा।
स्टैनफोर्ड भौतिक विज्ञानी स्टीवन चू ने कहा कि यह मास्क की कमी वास्तव में एक मुद्दा है, इसलिए यदि आप कई बार मास्क को रीसायकल करने का तरीका ढूंढ सकते हैं, तो इसकी कमी दूर हो जाएगी। सभी डॉक्टर या नर्स कॉफी ब्रेक के समय अपने मास्क को कीटाणुरहित कर सकेंगे। इससे उनके कोरोना संक्रमित होने का खतर कम हो जाएगा।