यूरोपीय देशों में बहाल होगी आवाजाही, ब्राजील में कारोबारों को खोलने की मिली इजाजत
कोरोना महामारी में कमी आने के बाद यूरोपीय महाद्वीप में तीन महीने से ज्यादा समय बाद आवाजाही बहाल करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। जानें दुनिया के बाकी मुल्कों का हाल...
ब्रसेल्स, एजेंसियां। कोरोना महामारी में कमी आने पर यूरोपीय महाद्वीप में तीन महीने से ज्यादा समय बाद आवाजाही बहाल करने की तैयारी शुरू हो गई है। यूरोपीय यूनियन (ईयू) ने इस महाद्वीप में गैर जरूरी यात्राओं पर लगी पाबंदियों में एक जुलाई से ढील देने की योजना का गुरुवार को एलान किया। योजना के तहत विदेशी छात्रों, गैर ईयू नागरिकों और पेशवरों को भी पाबंदियों से छूट दी जाएगी। यूरोप में इटली, स्पेन, ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। हालांकि अब इन देशों में नए मामलों में कमी देखी जा रही है।
यूरोपीय यूनियन ने सीमाएं खोलने की सिफारिश की
यूरोप में गत मार्च में संक्रमण की शुरुआत हुई थी। उसी समय से इस खतरनाक वायरस के प्रसार की रोकथाम के प्रयास में सभी गैर जरूरी यात्राओं पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। यूरोपीय देशों में इन प्रतिबंधों को बाद में बढ़ाकर 15 जून तक के लिए कर दिया गया। ईयू ने लॉकडाउन के चलते प्रभावित हुई अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए बाहरी सीमाओं को खोलने की सिफारिश की है।
जर्मनी खोलेगा सीमाएं
ईयू के आतंरिक मामलों की आयुक्त यल्वा जोहानसन ने कहा, 'हमें सावधान रहने की जरूरत है। पाबंदियों में ढील देने के लिए यह समय ठोस तैयारियों को अंजाम देने का है। इसके लिए सभी ईयू देशों को समन्वय के साथ फैसला करने की जरूरत है।' इस बीच जर्मनी ने एलान किया कि वह स्विटजरलैंड, फ्रांस, आस्टि्रया और डेनमार्क से लगती अपनी सीमाओं को 15 जून से खोल देगा।
स्पेन में तीसरे दिन कोई मौत नहीं
यूरोपीय देश स्पेन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में लगातार तीसरे दिन कोरोना से कोई मौत नहीं हुई। स्पेन में कुल 27 हजार 136 पीडि़तों की मौत हुई है। संक्रमण के 167 नए मामले पाए गए। इससे संक्रमित लोगों का आंकड़ा दो लाख 42 हजार 280 हो गया है। इटली में और 71 पीडि़तों की मौत से मरने वालों की संख्या 34 हजार 114 हो गई है। यहां दो लाख 35 हजार मामलों में से सिर्फ 31 हजार सक्रिय मामले हैं। फ्रांस में भी मरने वालों की तादात बढ़कर 29 हजार 319 हो गई है। इस यूरोपीय देश में 545 नए मामलों के मिलने से पीडि़त लोगों की संख्या बढ़कर एक लाख 55 हजार 136 हो गई है।
अमेरिका में 20 लाख से अधिक हुए संक्रमित
कोरोना से दुनिया में सबसे ज्यादा पीडि़त अमेरिका में संक्रमितों की संख्या 20 लाख से अधिक हो गई है। जॉन हॉपकिंस विवि की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार देश में अब तक 20,00,464 संक्रमित हो चुके हैं। इसी तरह मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,12,924 हो चुकी है। हार्वार्ड ग्लोबल हेल्थ इंस्टीट्यूट के निदेशक डा. आशीष झा के मुताबिक सितंबर तक अमेरिका में एक लाख से अधिक और लोगों की जान जा सकती है।
ब्राजील में कारोबारों को खोलने की मिली इजाजत
ब्राजील में सबसे बड़ी आबादी वाले प्रांत साओ पाउलो में कोरोबारों और उद्योग-धंधों को फिर शुरू करने की इजाजत दे दी गई है। इस प्रांत में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले हैं। ब्राजील में सात लाख 75 हजार से ज्यादा संक्रमित लोग हैं। करीब 40 हजार की जान जा चुकी है।
बीजिंग में 56 दिन बाद पहला केस
- चीन में मिले 16 नए मामलों में से छह शंघाई में पाए गए हैं। बीजिंग में 56 दिन बाद पहला केस सामने आया है।
- नेपाल सरकार काठमांडू घाटी समेत निम्न खतरे वाले इलाकों में लॉकडाउन में ढील देगी।
- बेल्जियम में लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर प्रिंस जोआचिम पर नौ लाख रुपये का जुर्माना
- तुर्की ने कोरोना महामारी के चलते 28 मार्च से बंद पड़ीं अंतरराष्ट्रीय उड़ानें बहाल कर दी हैं।
- सिंगापुर में 422 नए मामले मिलने से संक्रमित लोगों का आंकड़ा 40 हजार के करीब पहुंचा
- दक्षिण कोरिया में दोबारा संक्रमण के बढ़ते खतरे के बीच 45 नए मामले पाए गए हैं।
- रूस में कोरोना से संक्रमित होने वाले पीडि़तों का आंकड़ा पांच लाख के पार पहुंच गया है।