खौफ के बीच प्रतिबंधों में ढील का सिलसिला जारी, रूस और ब्राजील में मामलों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी
कोरोना संक्रमण से खौफ के बीच दुनिया के अधिकांश मुल्कों में पाबंदियों में ढील देने का सिलसिला जारी है। दुनिया के मुल्कों का हाल जानने के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट...
न्यूयॉर्क, एजेंसियां। रूस, ब्राजील और मैक्सिको जहां कोरोना के बढ़ते मरीजों की संख्या से जूझ रहे हैं वहीं कई देश लॉकडाउन को धीरे-धीरे खत्म कर रहे हैं। इंग्लैंड ने प्रतिबंधों में ढील देते हुए घर के बाहर छह लोगों के मिलने को मंजूरी दे दी है। फिलीपींस में भी प्रतिबंधों में ढील दी गई है। न्यूजीलैंड में संक्रमण का सिर्फ एक मामला रह गया है और वहां पर जिंदगी लगभग सामान्य हो गई है।
अमेरिका में आंकड़ा एक लाख के पार
अमेरिका में मृतकों की संख्या का आंकड़ा एक लाख को पार कर गया है, लेकिन अर्थव्यवस्था के मुद्दे पर वहां से एक अच्छी खबर सामने आई है। महामारी की शुरुआत से लेकर पहली बार बेरोजगारी भत्ता लेने वालों की संख्या में कमी आई है। यह संख्या 2.5 करोड़ से घटकर 2.1 करोड़ रह गई है। इतना ही नहीं रोजगार भत्ते के लिए दिए जाने वाले आवेदनों में कमी देखी जा रही है। अमेरिका में बेरोजगारी दर अप्रैल में 14.7 फीसद था और बहुत से लोगों का मानना है कि मई में यह 20 फीसद के आसपास होगा।
ब्राजील में संक्रमण के 26 हजार नए मामले सामने आए
पिछले चौबीस घंटे के दौरान ब्राजील में 1,156 और लोगों की मौत हुई है। इस तरह मरने वालों की कुल संख्या 26,754 हो गई है। संक्रमण के 26,417 नए मामले सामने आए हैं। जिसके बाद संक्रमित मरीजों की संख्या 438,238 हो गई है। एक दिन पहले संक्रमित मरीजों की संख्या 20,599 थी। 1,086 लोगों की मौत हुई थी।
रूस में एक दिन में सबसे ज्यादा 232 लोगों की मौत
रूस में पिछले चौबीस घंटों के दौरान 232 लोगों की मौत हुई है। यह एक दिन में हुई सबसे अधिक मौतें हैं। मरने वालों की कुल संख्या 4,374 हो गई है। रूस में मृतकों की कम संख्या को लेकर संदेह जताया जा रहा है। पश्चिमी विशेषज्ञ कह रहे हैं कि रूस की सरकार सही आंकड़े नहीं बता रही है। जबकि रूस के अधिकारी इससे इन्कार कर रहे हैं और कह रहे हैं कि कड़े प्रतिबंधों के चलते उन लोगों ने मौत पर काबू पाया है। रूस में संक्रमित मरीजों की संख्या 3,87,000 से ज्यादा हो गई है। एक्टिव केस 2,23,992 हैं। संक्रमण के 8,500 नए मामले सामने आए हैं।
ब्रिटिश पीएम के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन
- गुरुवार को ब्रिटिश पीएम के कार्यालय 10 डाउनिंग स्ट्रीट के बाहर हुए प्रदर्शन का नेतृत्व भारतीय मूल की डॉक्टर मीनल विज ने किया। वह आठ महीने की गर्भवती हैं।
- इंडोनेशिया के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को मस्जिदों में नमाज अदा की गई।
- इजरायल में संक्रमण के 79 नए मामले सामने आए हैं। यहां पर कुल मरीजों की संख्या 16,872 हो गई है। तीन और लोगों की मौत के साथ मृतकों की कुल संख्या 284 हो गई है।
- दक्षिण कोरिया में 58 और मामले सामने आए हैं। संक्रमित मरीजों की संख्या 11,102 हो गई है। पिछले तीन दिनों से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। हालांकि किसी की मौत नहीं हुई है। मृत्यु दर 2.36 फीसद है। 269 लोगों की मौत हुई है।
देश मौतें संक्रमित एक्टिव केस
अमेरिका 103,379-17,70,330-11,68,013
ब्रिटेन 37,837-269,127-उपलब्ध नहीं
इटली 33,142-231,732-47,986
स्पेन 27,119-2,84,986-60,909
फ्रांस 28,662-1,86,238-90,385
ब्राजील 26,764-4,38,812-2,18,867
बेल्जियम 9,430-58,061-32,949
जर्मनी 8,574-1,82,572-9,898
ईरान 7,677-1,46,668-24,060
चीन 4,634-82,995-70
रूस 4,374-3,87,623-2,23,992