दुनिया का सबसे ताकतवर देश अमेरिका चूहों के आगे लाचार, व्हाइट हाउस भी परेशान
वाशिंगटन डीसी में औसतन हर पांच फ़ीट की दूरी पर एक चूहा दिखाई देता है। चूहे खाने की तलाश में अपने बिलों से बाहर निकल जाते हैं।
वाशिंगटन, एएनआइ। दुनिया का सबसे ताकतवर देश अमेरिका चूहों के आतंक से जूझ रहा है। अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन में चूहों को हर तरफ देखा जा सकता है। चूहों को वाशिंगटन शहर की गलियों में घूमते हुए और खाने की तलाश में कूड़ेदान के आसपास मंडराते देखा जाना एक आम बात है।
वाशिंगटन डीसी में औसतन हर पांच फ़ीट की दूरी पर एक चूहा दिखाई देता है। चूहे खाने की तलाश में अपने बिलों से बाहर निकल जाते हैं। अब ये चूहे व्हाइट हाउस के लॉन तक पहुंच चुके हैं। व्हाइट हाउस अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का आधिकारिक निवास है। एक निजी समाचार चैनल के संवादाता ने चूहों को व्हाइट हाउस लॉन में देखा। उन्हें पहले एहसास हुआ कि शायद गिलहरी है, लेकिन बाद में उन्होंने देखा की चूहा लॉन में घूम रहा है। संवादाता ने ट्वीट कर इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर की। इसके बाद ये खबर काफी तेज़ी से लोगों के बीच वायरल होने लगी।
ये दूसरा मौका है जब अमेरिका में चूहों की चर्चा है। इसके पहले साल 2015 में न्यूयॉर्क शहर की भीड़ भरी सड़क पर लोगों ने चूहे को पिज्जा खाते हुए देखा था। उस समय इस घटना पर काफी चर्चा हुई थी। लोगों ने इसे पिज्जा रेट का नाम दिया था।
इधर व्हाइट हाउस लॉन में चूहा दिखाई देने की घटना का लोगों ने सोशल मीडिया साइट पर मीम बनाने भी शुरू कर दिए हैं। कुछ लोगों ने इस घटना पर टिप्पणी करते हुए लिखा कि चूहा नौकरी मांगने वाइट हाउस आया या डूबता जहाज़ देख कर भाग रहा है। बता दें कि डीसी का हेल्थ डिपार्टमेंट चूहों से निपटने के लिए काफी बड़ी रकम खर्च करता है। लेकिन इसके बावजूद चूहों की संख्या पर काबू नहीं पाया जा रहा है। ऐसा लगता है कि चूहों से निपटने के लिए अब अमेरिका को कोई नई रणनीति बनानी पड़ेगी।