तीन देशों की यात्रा पर राष्ट्रपति कोविंद चिली पहुंचे, सैंटियागो में हुआ भव्य स्वागत
इस यात्रा के दौरान राष्ट्रपति कोविंद चिली में अपने समकक्ष सेबेस्टियन पिनेरा से मुलाकात करेंगे। इसके साथ दोनों देशों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की भी वार्ता होगी।
सैंटियागो, एजेंसी। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद अपनी तीन देशों की यात्रा के अंतिम चरण में दक्षिण अमेरिकी देश चिली पहुंच चुके हैं। चिली की राजधानी सैंटियागो पहुंचने पर राष्ट्रपति का भव्य स्वागत किया गया। इस यात्रा के दौरान राष्ट्रपति कोविंद चिली में अपने समकक्ष सेबेस्टियन पिनेरा से मुलाकात करेंगे।
इसके साथ दोनों देशों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की भी वार्ता होगी। राष्ट्रपति चिली विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। वह विश्वविद्याल में लोगों को संबोधित करेंगे। राष्ट्रपति चिली की यात्रा करने वाले कोविंद भारत के तीसरे राष्ट्रपति हैं।
Chile: President Ram Nath Kovind lays wreaths at the statues of Mahatma Gandhi, Jawaharlal Nehru & Rabindra Nath Tagore at the Plaza de la India in Santiago pic.twitter.com/ovrFDivkD0
— ANI (@ANI) March 31, 2019
चिली के सैंटियागो में प्लाजा डे ला इंडिया में राष्ट्रपति कोविंद ने महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू और रविंद्र नाथ टैगोर की मूर्तियों पर माल्यार्पण किया।। इस मौके पर कोविंद ने कहा कि भारतीय समुदाय चिली समाज में अच्छी तरह से घुलमिल गया है। चिली समाज में भारतीय संस्कृति ने एक अच्छी प्रतिष्ठा हासिल की है।
इसके पूर्व बोलिविया में कोविंद ने प्रवासी भारतीयों के कार्यक्रम में शिरकत किया। इस मौके पर उन्होंने भारतीयों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यहां काम करने वाले भारतीय दोनों देशों के संबंधों को मजबूत बनाने में मददगार हैं। राष्ट्रपति ने प्रवासी भारतीयों से भारत के आर्थिक विकास में सहयोग करने की अपील की।
राष्ट्रपति कोविंद और उनकी पत्नी सविता कोविंद गत सोमवार को क्रोएशिया, बोलीविया और चिली की राजकीय यात्रा पर रवाना हुए थे। वह क्रोएशिया और बोलीविया की यात्रा करने वाले भारत के पहले राष्ट्रपति थे। इस दौरान राष्ट्रपति इन देशों को नेताओं से मुलाकात कर व्यापार, निवेश तथा नवीकरण ऊर्जा के क्षेत्र में संबंध मजबूत बनाने पर वार्ता हुई। बता दें कि राष्ट्रपति सबसे पहले 25 से 28 मार्च तक क्रोएशिया में थे।
किसी भारतीय राष्ट्रपति का इस यूरोपीय देश का यह पहला दौरा था। कोविंद 28 मार्च को क्रोएशिया से तीन दिवसीय दौरे पर बोलीविया में थे। उसके बाद 30 मार्च को वह चिली पहुंचे। भारत और बोलिविया के बीच राजनयिक संबंध स्थापित होने के बाद यह भारतीय राष्ट्रपति की पहली उच्चस्तरीय यात्रा थी।