इटली और स्पेन में लॉकडाउन बढ़ाने की तैयारी, दुनियाभर में लगभग एक लाख लोगों की मौत
यूरोप और अमेरिका में कोरोना वायरस की महामारी के चरम पर पहुंचने के संकेत मिले हैं। वहीं दुनियाभर में संक्रमित लोगों की संख्या 16 लाख से ज्यादा हो गई है।
ब्रसेल्स, एजेंसियां। कोरोना महामारी से पूरी दुनिया में जान गंवाने वालों की संख्या एक लाख के करीब पहुंच गई है। अब तक इस खतरनाक वायरस से करीब दो सौ देशों के 16 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। इस भयावह आंकड़े के बीच ऐसे शुरुआती संकेत मिले हैं कि यूरोप और अमेरिका में यह महामारी अब अपने चरम पर पहुंच रही है। इसके चलते महामारी से बुरी तरह प्रभावित इटली और स्पेन में लॉकडाउन की अवधि मई की शुरुआत तक बढ़ाने की तैयारी चल रही है।
इटली में बढ़ेगा लॉकडाउन
इटली के प्रमुख अखबारों ने लिखा है कि प्रधानमंत्री ग्यूसेप कोंटे ने तीन मई तक लॉकडाउन बढ़ाने का मन बना लिया है। इसका एलान जल्द ही किया जा सकता है। कोरोना की रोकथाम के प्रयास में पूरे इटली में गत दस मार्च से लॉकडाउन है। यूरोप में कोरोना के कहर से सबसे ज्यादा प्रभावित इटली में मरने वालों की संख्या 18 हजार के पार पहुंच चुकी है। कुछ इसी तरह के हालात स्पेन में भी हैं।
स्पेन में बढ़ सकता है लॉकडाउन
स्पेन में मई के शुरू तक लॉकडाउन बढ़ाए जाने की संभावना है। पिछले 17 दिनों में शुक्रवार को सबसे कम मौत दर्ज की गईं। सरकार ने बताया कि बीते 24 घंटों में 605 पीडि़तों ने दम तोड़ा। स्पेन में मरने वालों की संख्या 16 हजार के करीब पहुंच गई है। स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने शुक्रवार को कहा, 'महामारी से लगी आग अब काबू में आ रही है।' उन्होंने कहा कि कोरोना पर अंकुश लगाने के प्रयास में उठाए गए सख्त कदमों से बहुतों की जिंदगी बचाने में मदद मिली है।
फिलीपींस में 23 दिन के शिशु की मौत
फिलीपींस में 23 दिन के एक शिशु की कोरोना वायरस के चलते मौत हो गई। राजधानी मनीला से करीब 70 किलोमीटर दूर लिपा में इस नवजात की मौत हुई। फिलीपींस में कोरोना से अब तक 203 लोगों की मौत हो चुकी है और चार हजार से ज्यादा लोग संक्रमित पाए गए हैं।
देश - मौत - संक्रमित
इटली - 18,279 - 1,43,626
अमेरिका -16,709 - 4,69,362
स्पेन - 15,843 - 1,57,022
फ्रांस - 12,210 - 1,17,749
ब्रिटेन - 7,978 - 65,077
ईरान - 4,232 - 68,192
चीन - 3,336 - 81,907
बेल्जियम -3,019 -26,667
जर्मनी - 2,607 - 1,18,235
तुर्की - 908 - 42,282
पाकिस्तान में 66 की मौत
पाकिस्तान में कोरोना संक्रमितों की संख्या 4600 से ज्यादा हो गई है। देश में अब तक 66 मरीजों की मौत हो चुकी है। मुल्क में सबसे ज्यादा मामले पंजाब प्रांत में आए हैं। संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते पाकिस्तान सरकार ने अंतरराष्ट्रीय और घरेलू उड़ानों पर पाबंदी 21 अप्रैल तक बढ़ा दी है।
मलेशिया में 28 अप्रैल तक आवाजाही पर रोक बढ़ी
मलेशिया में कोरोना वायरस पर रोकथाम के प्रयास में आवाजाही पर रोक 28 अप्रैल तक बढ़ा दी गई है। इस एशियाई देश में गत 18 मार्च से आवाजाही पर रोक है। मलेशिया में कोरोना के 4,300 से ज्यादा मामले पाए गए हैं। 70 पीडि़तों की जान भी जा चुकी है।
ईरान में कारोबार बहाल होने से पहले 122 की मौत
ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि मुल्क में बीते 24 घंटों में 122 और पीडि़तों ने दम तोड़ दिया। इससे मरने वालों का आंकड़ा 4200 के पास हो गया है। संक्रमण के 1,972 नए मामले पाए गए हैं। ईरान में शनिवार से निम्न खतरे वाले कारोबारों को दोबारा शुरू करने की तैयारी है। ईरान ने प्रतिबंधों से प्रभावित अपनी अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए कारोबार बहाल करने का मन बनाया है।