अमेरिका की पहेली सिख महिला मेयर चुनी गईं प्रीत
प्रीत 2014 में युबा सिटी काउंसिल की सदस्य बनी थीं और फिलहाल डिप्टी मेयर पद पर काबिज हैं। वह स्नातक तक पढ़ाई करने वाली अपने परिवार की पहली सदस्य हैं।
न्यूयॉर्क, प्रेट्र : भारतवंशी प्रीत दीदबल अमेरिका की पहली सिख महिला मेयर चुनी गई हैं। उन्हें कैलिफोर्निया के युबा शहर का मेयर नियुक्त किया गया है। प्रीत पांच दिसंबर को मेयर पद की शपथ लेंगी। कैलिफोर्निया सिटी काउंसिल ने इस पद के लिए उन्हें सबसे योग्य उम्मीदवार माना। प्रीत 2014 में युबा सिटी काउंसिल की सदस्य बनी थीं और फिलहाल डिप्टी मेयर पद पर काबिज हैं। वह स्नातक तक पढ़ाई करने वाली अपने परिवार की पहली सदस्य हैं।
अमेरिका में कई सिख पुरुष पहले ही मेयर बन चुके हैं। पिछले महीने ही रवि भल्ला को न्यूजर्सी के होबोकन शहर का मेयर चुना गया था। सिख संगत के जयदीप सिंह कहते हैं, 'किसी अपने जैसे और समान धर्म वाले व्यक्ति को इस देश में अहम पद पर देखना प्रेरणादायक और उत्साहजनक है। यह सिलसिला जारी है।' युबा शहर में सिखों की बड़ी आबादी है। एक अनुमान के मुताबिक अमेरिका में करीब पांच लाख सिख रहते हैं।
यह भी पढ़ेंः मुस्लिम विरोधी वीडियो ट्विटर पर शेयर कर फिर विवाद में डोनाल्ड ट्रंप
यह भी पढ़ेंः जानें, वजन कम करने में कैसे मदद कर सकता है सोशल मीडिया