अमेरिका में भारतवंशी पुलिस अधिकारी का हत्यारा गिरफ्तार
ट्रंप इस दीवार के लिए संसद से पांच अरब डॉलर (करीब 35 हजार करोड़ रुपये) की मांग कर रहे हैं।
लॉस एंजिलिस, रायटर। भारतवंशी पुलिस अधिकारी रोनिल सिंह की हत्या के संदिग्ध पेरेज एरियागा को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। लंबे समय से कैलिफोर्निया में अवैध रूप से रह रहे 33 वर्षीय एरियागा ने क्रिसमस की रात न्यूमैन इलाके में ड्यूटी कर रहे कॉरपोरल रोनिल की गोली मारकर हत्या कर दी थी। एरियागा मेक्सिको निवासी है। इस घटना के बाद शरणार्थियों को देश में रहने देने पर एक नई बहस छिड़ गई है। मेक्सिको से लगती अमेरिकी सीमा पर दीवार खड़ी करने के अपने प्रस्ताव के पक्ष में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस घटना का भी जिक्र किया है। ट्रंप इस दीवार के लिए संसद से पांच अरब डॉलर (करीब 35 हजार करोड़ रुपये) की मांग कर रहे हैं।
स्टेनिस्लास के काउंटी शेरिफ एडम क्रिस्टीएंसन के मुताबिक, रोनिल की हत्या के बाद से पुलिस हत्यारे की तलाश में जुटी हुई थी। हमें जानकारी मिली कि एरियागा कैलिफोर्निया के बेकर्सफील्ड शहर के एक घर में छिपा है। हमने कार्रवाई करते हुए एक महिला और तीन अन्य लोगों सहित उसे घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि घटना वाले दिन रोनिल ने नशे में गाड़ी चलाने के संदेह में एरियागा को खींचा था।
इसी दौरान एरियागा ने उन पर गोली चला दी। एरियागा एक आपराधिक गिरोह का सदस्य भी है। हत्या के बाद वह मेक्सिको भागने की फिराक में था। गुरुवार को हिंसा के एक मामले में एरियागा के भाई एड्रयिन विगेन (25) को हैनफोर्ड इलाके से गिरफ्तार किया गया था। क्रिस्टीएंसन ने कहा, 'हम देश को अपराधियों की पनाहगाह क्यों बना रहे हैं? इस पर चर्चा की जरूरत है।'