मोदी समेत 48 नेताओं ने यूएन के यौन शोषण विरोधी अभियान को दिया समर्थन
पीएम मोदी समेत विश्व के 48 नेताओं ने संयुक्त राष्ट्र के यौन शोषण के खिलाफ अभियान में अपनी व्यक्तिगत प्रतिबद्धता दोहराई।
संयुक्त राष्ट्र [प्रेट्र]। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत विश्व के 48 नेताओं ने संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुतेरस के बयान का समर्थन करते हुए यौन शोषण के खिलाफ अभियान में अपनी व्यक्तिगत प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान कहा गया कि ऐसे में मामलों में शून्य सहनशीलता अपनाई जाएगी। बता दें कि, संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षा अभियान अफ्रीकी देशों में यौन शोषण के आरोपों का सामना कर रहा है। इसके चलते साल 2017 में गुतेरस ने संयुक्त राष्ट्र कर्मियों की ओर से यौन शोषण को रोकने और उसे खत्म करने का अभियान शुरू किया था।
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टेरीजा मे समेत दुनिया के बड़े नेताओं और संयुक्त राष्ट्र की 21 संस्थाओं ने संयुक्त राष्ट्र के सभी निकायों, सेना, पुलिस और असैन्य कर्मियों की सभी श्रेणियों में यौन शोषण के खिलाफ अभियान को मजबूत करने की रणनीति को लागू करने के लिए महासचिव के साथ मिलकर काम करने की अपनी प्रतिबद्धता जताई है।
नेताओं और संस्थाओं की ओर से संयुक्त बयान के समर्थन में कहा कि हम यौन शोषण के लिए शून्य सहनशीलता हासिल करने में अपनी इस भागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल देते हैं। इसके साथ ही हम यौन शोषण के लिए बिल्कुल भी बर्दाश्त न करने की नीति को सच में बदलने की अपनी प्रतिबद्धता को भी दोहराते हैं। इसके साथ ही उनकी ओर से यह भी कहा गया कि यह बेहद जरूरी और अनिवार्य है कि दुनियाभर में संयुक्त राष्ट्र की प्रभावशीलता और विश्वसनीयता को सुनिश्चित किया जाए।