विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'अमेरिका के साथ ट्रेड डील भारत के सभी हितों की रक्षा करेगा', बोले पीयूष गोयल

Published: Thu, 29 Oct 2026 05:43 PM (IST)

वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि अमेरिका के साथ भारत का द्विपक्षीय व्यापार समझौता देश के सभी संवेदनशील हितों की रक्षा करेगा।

अमेरिका संग व्यापार समझौता भारत के हित सुरक्षित रखेगा।

अमेरिका संग व्यापार समझौता भारत के हित सुरक्षित रखेगा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका के साथ भारत का द्विपक्षीय व्यापार समझौता देश के सभी संवेदनशील हितों की रक्षा करेगा।

उन्होंने कहा कि समझौते का ब्योरा सार्वजनिक होने पर देश के लोग इसका स्वागत करेंगे। उन्होंने कहा कि समझौते की आलोचना कर रहे विपक्षी दलों को इस विषय की समझ और जानकारी नहीं है।

गोयल ने यहां एक कार्यक्रम में कहा, ‘कुछ लोग अमेरिका के साथ मुक्त व्यापार समझौते को राजनीतिक रंग देने की कोशिश करते हैं। इसकी वजह समझ और जानकारी का अभाव है। समझौते का पूरा ब्योरा अभी सामने नहीं आया है।

मुझे नहीं पता कि वे (विपक्षी दल) किस बात की आलोचना कर रहे हैं।’ उन्होंने कहा, ‘लेकिन मुझे पूरा विश्वास है और मैं पूरे दृढ़ संकल्प के साथ यह कह सकता हूं कि जब अमेरिका के साथ व्यापार समझौते का ब्योरा सामने आएगा, तो देश के लोग इसका स्वागत करेंगे।

हमारे व्यापार या किसी भी पक्ष के किसी संवेदनशील हित से समझौता नहीं किया गया है। इसके उलट, भारत को तुलनात्मक लाभ की मजबूत स्थिति मिलेगी और व्यापार तुलनात्मक लाभ पर ही आधारित होता है।’ भारत और अमेरिका ने इस साल फरवरी में द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के पहले चरण के लिए रूपरेखा को अंतिम रूप देने की घोषणा की थी।

हालांकि, अमेरिका में शुल्क व्यवस्था में बदलाव के कारण इस समझौते पर आगे बातचीत की जा रही है। भारत, अमेरिका के बाजार में अपने सामान पर बांग्लादेश, वियतनाम और कंबोडिया जैसे प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में कम शुल्क चाहता है।

गोयल ने यह भी कहा कि भारत क्षेत्रीय व्यापक आर्थिक भागीदारी (आरसीईपी) समझौते से बाहर हो गया था, क्योंकि इससे देश के विनिर्माण क्षेत्र पर गंभीर असर पड़ सकता था। भारत ने नवंबर, 2019 में इस बड़े मुक्त व्यापार समझौते में शामिल नहीं होने का फैसला किया था, क्योंकि यह उसकी चिंताओं का समाधान नहीं कर रहा था।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)