विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

OpenAI के दफ्तर में जासूसी करने वाला सऊदी इंजीनियर बर्खास्त, FBI ने किया गिरफ्तार

Published: Wed, 14 Oct 2026 02:27 PM (IST)

OpenAI के सैन फ्रांसिस्को कार्यालय में एक गुप्त रिकॉर्डिंग डिवाइस मिलने से हड़कंप मच गया है। कंपनी के AI मॉडल की मदद से एक सऊदी इंजीनियर को गिरफ्तार किया गया।

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. OpenAI कार्यालय में मिला गुप्त रिकॉर्डिंग डिवाइस।

  2. कंपनी के AI मॉडल ने आरोपी इंजीनियर को पहचाना।

  3. FBI ने सऊदी नागरिक अब्दुल रहमान अलफोजान को पकड़ा।

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। AI की दुनिया की दिग्गज कंपनी OpenAI के एक कार्यालय से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कंपनी के सैन फ्रांसिस्को स्थित ऑफिस के एक कॉन्फ्रेंस रूम में सीक्रेट रिकॉर्डिंग डिवाइस मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। इस मामले में फेडरल अधिकारियों ने 35 वर्षीय सऊदी नागरिक और OpenAI के इंजीनियरिंग लीड अब्दुल रहमान अलफोजान को गिरफ्तार किया है।

FBI की रिपोर्ट के मुताबिक, 30 सितंबर को Open AI की तकनीकी निगरानी टीम ने एक कॉन्फ्रेंस रूम में टेलीविजन के पीछे यूएसबी पोर्ट से जुड़ा हुआ एक छिपा हुआ ऑडियो-रिकॉर्डिंग डिवाइस खोज निकाला। यह डिवाइस इस तरह छिपाया गया था कि आसानी से नजर न आए और इसमें एडवांस एन्क्रिप्शन, ऑडियो-मॉनिटरिंग और डेटा ट्रांसफर करने की क्षमता थी।

एआई की मदद से पकड़ा गया आरोपी

इस बात की जानकारी Open AI ने बयान जारी कर एक्स पर दी। जारी एक बयान में बताया गया कि कंपनी ने इस डिवाइस का पता लगाने और यह किसने लगाया है, यह जानने के लिए अपने खुद के एआई मॉडल्स का इस्तेमाल किया। जांच में सामने आया कि इस डिवाइस को कुछ दिन पहले ही एक कर्मचारी ने वहां प्लांट किया था।

कंपनी ने आरोपी कर्मचारी को बर्खास्त किया 

इसके साथ ही OpenAI ने स्पष्ट किया है कि आरोपी कर्मचारी को तुरंत नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। कंपनी ने राहत की सांस लेते हुए कहा कि शुरुआती जांच में ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि इस व्यक्ति ने मॉडल वेट्स, सोर्स कोड या किसी ग्राहक के डेटा तक अवैध रूप से पहुंच बनाई हो या कोई डेटा लीक किया हो।

एफबीआई को सौंपा गया मामला

इसके साथ ही कंपनी ने तुरंत इस मामले की जानकारी एफबीआई को दी और जांच में पूरा सहयोग किया। अमेरिकी अधिकारियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 9 अक्टूबर को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

क्यों लगाया गया था यह जासूसी डिवाइस?

फेडरल जांचकर्ताओं के अनुसार, जिस कॉन्फ्रेंस रूम में यह डिवाइस मिला, वहां अक्सर ओपनएआई की मालिकाना रिसर्च, आगामी प्रोडक्ट्स की योजनाओं, व्यावसायिक रणनीतियों और महत्वपूर्ण फैसलों पर गोपनीय चर्चाएँ होती थीं।

एफबीआई निदेशक काश पटेल ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मामला बताते हुए कहा कि आरोपी ने कंपनी की 'सुपर इंटेलिजेंस' तकनीक से जुड़ी संवेदनशील और गोपनीय बातचीत को चुपके से रिकॉर्ड करने के लिए एक्जीक्यूटिव कॉन्फ्रेंस रूम में यह गुप्त डिवाइस छिपाया था।