विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 16, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पाकिस्तान में 24 घंटे के भीतर दो मस्जिदों में विस्फोट, एक की मौत; आधा दर्जन से ज्यादा घायल

By Agency Edited By: Jeet Kumar
Published: Sun, 16 Mar 2025 02:15 AM (IST)

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के दो जिलों की दो मस्जिदों में 24 घंटे के भीतर हुए विस्फोट में एक ...और पढ़ें

पाकिस्तान में 24 घंटे के भीतर दो मस्जिदों में विस्फोट, एक की मौत (सांकेतिक तस्वीर)
पाकिस्तान में 24 घंटे के भीतर दो मस्जिदों में विस्फोट, एक की मौत (सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. दारुल उलूम हक्कानी और बन्नू छावनी पर हुए हमले
  2. पुलिस ने आत्मघाती हमलावरों की पहचान की

 पीटीआई, पेशावर। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के दो जिलों की दो मस्जिदों में 24 घंटे के भीतर हुए विस्फोट में एक की मौत हो गई और सात लोग घायल हो गए। उधर प्रांत के एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने बताया कि पिछले दिनों दारुल उलूम हक्कानी और बन्नू छावनी पर हुए हमले में शामिल आत्मघाती हमलावरों की पहचान कर ली गई है।

जिला पुलिस अधिकारी ने कही ये बात

दक्षिण वजीरिस्तान के जिला पुलिस अधिकारी आसिफ बहादर ने कहा कि मौलाना अब्दुल अजीज मस्जिद में शुक्रवार को नमाज के दौरान आइईडी विस्फोट से जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम (जेयूआइ) के जिला प्रमुख मौलाना अब्दुल्ला नदीम समेत चार लोग घायल हो गए।

इस घटना के 24 घंटे से भी कम समय के भीतर शनिवार को पेशावर जिले में उर्मुर बाला गांव में एक मजहबी ठिकाने पर हुए विस्फोट में लश्कर-ए-इस्लाम के संस्थापक मुफ्ती मुनीर शाकिर की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए।

आत्मघाती हमलावरों की पहचान कर ली गई है

दूसरी ओर खैबर पख्तूनख्वा के पुलिस महानिरीक्षक जुल्फिकार हमीद ने बताया कि दारुल उलूम हक्कानी और बन्नू छावनी पर हुए हमले में शामिल आत्मघाती हमलावरों की पहचान कर ली गई है।

उन्होंने कहा कि दोनों घटनाओं की जांच अभी चल रही है। दोनों घटनाओं की सीसीटीवी फुटेज प्राप्त कर ली गई है और आत्मघाती हमलावरों की पहचान उनके शरीर के अंगों से की गई है।

सुरक्षा अभियान में नौ आतंकी ढेर, दो सुरक्षा कर्मियों की मौत

खैबर पख्तूनख्वा में दो अलग-अलग सुरक्षा अभियानों में नौ आतंकी मारे गए और दो सुरक्षा कर्मियों की मौत हो गई। सुरक्षा बलों ने शुक्रवार रात मोहमंद जिले में अभियान चलाया जिसमें सात आतंकी मारे गए। घमासान मुठभेड़ में यहां दो सुरक्षा कर्मियों की भी मौत हो गई। उधर डेरा इस्माइल खान जिले के मड्डी क्षेत्र में दूसरे अभियान में दो आतंकी मारे गए।