Howdy Modi: ह्यूस्टन में समाया 'मिनी इंडिया', तस्वीरों में देखें NRG स्टेडियम की झलकियां
हाउडी मोदी के मेगा इवेंट का साक्षी एनआरजी स्टेडियम भारत माता की जय वेल्कम मोदी और मोदी-मोदी के नारों से गूंजता रहा।
नई दिल्ली [जागरण स्पेशल]। अद्भुत, अकल्पनीय और अद्वितीय। ह्यूस्टन का एनआरजी स्टेडियम जिस उत्सव का साक्षी बना, उसके लिए यही तीन शब्द उपयुक्त जान पड़ते हैं। अमेरिका के टेक्सास प्रांत में सजे मंच पर दुनिया भारत की ताकत का गवाह बन रही थी। मंच अमेरिका का था, लेकिन मेजबानी भारत कर रहा था।
ऊर्जा क्षेत्र में दुनिया भर में जाना जाने वाला ह्यूस्टन शहर रविवार की शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत में बेहिसाब स्फूर्ति से भर गया। 'हाउडी मोदी' के मेगा इवेंट का साक्षी एनआरजी स्टेडियम 'भारत माता की जय', 'वेल्कम मोदी' और 'मोदी-मोदी' के नारों से गूंजता रहा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का हाथ थामकर मंच पर पहुंचे, 50 हजार से ज्यादा लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। इस दौरान भारत-अमेरिका की दोस्ती को ऊंचाई देते हुए दोनों देशों के बीच नई रक्षा साझेदारी का एलान भी किया।
50 हजार से अधिक भारतीय अमेरिकियों की भीड़ से खचाखच भरा स्टेडियम 'मिनी इंडिया' की बानगी था।
इस दौरान मंच पर भी 90 मिनट तक 'शेयर्ड ड्रीम्स, ब्राइट फ्यूचर' की थीम पर कई भारतीय नृत्य और संगीत के बेहद मनोरंजक कार्यक्रम हुए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फुटबाल स्टेडियम में पहुंचने के बाद भारतीय अमेरिकी गायिकाओं के एक दल ने 'वैष्णव जन को तेने कहिए जे' भजन को अपने मधुर स्वरों से सजाया। और उसी के साथ-साथ एक ग्रुप ने यूएस गॉस्पेल गाया।
इसके बाद भारतीय मूल के एक दिव्यांग स्पर्श शाह ने मोदी के समक्ष राष्ट्रगान 'जन गण मन' गाया। मोदी के दीवाने 16 वर्षीय स्पर्श की पूरी जिंदगी व्हीलचेयर पर ही कट रही है। रैपर, गायक, लेखक स्पर्श न्यूजर्सी में रहता है। वह एक दुलर्भ बीमारी से पीडि़त है। इसके चलते बचपन में ही उसकी 130 हड्डियां टूट गई थीं, लेकिन स्पर्श का हौसला नहीं टूटा।
रविवार को तीन घंटे से भी अधिक समय तक चले समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत भारतीय अमेरिकी ने पूरे हर्षोल्लास से किया।
उत्सव और उत्साह के माहौल में ह्यूस्टन के एनआरजी स्टेडियम में रंगारंग कार्यक्रमों की शुरुआत गुरुबानी से हुई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्टेडियम में आगमन से पहले भारत के शास्त्रीय और लोकनृत्य हुए। सबसे पहले मोहक ओडिसी नृत्य हुआ। फिर बांग्ला गीत व नृत्य के साथ भांगड़ा, डांडिया आदि कई लोकनृत्य हुए। खूबसूरत पोशाकों में सजी नृत्यांगनाओं ने अपने ग्रुप डांस से सभी को एक लय में बांधे रखा।
अपने प्रिय नेता के इंतजार में घंटों दर्शक पलकें बिछाए रहे। हाथों में तिरंगा लिए बहुत से लोगों ने भारत के प्रधानमंत्री के समर्थन वाली टी-शर्ट भी पहनी थी।