विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'आपका सच बताने आ रहा हूं UN', ममदानी के बयान पर बोले नेतन्याहू

Published: Wed, 23 Sep 2026 10:36 PM (IST)

संयुक्त राष्ट्र महासभा सत्र से पहले इजरायली पीएम नेतन्याहू और न्यूयॉर्क के मेयर ममदानी के बीच तीखी जुबानी जंग छिड़ ...और पढ़ें

नेतन्याहू और न्यूयॉर्क मेयर ममदानी के बीच तीखी जुबानी जंग।

नेतन्याहू और न्यूयॉर्क मेयर ममदानी के बीच तीखी जुबानी जंग।

HighLights

  1. नेतन्याहू और न्यूयॉर्क मेयर ममदानी के बीच तीखी जुबानी जंग।

  2. ममदानी ने इजरायली पीएम नेतन्याहू को 'युद्ध अपराधी' करार दिया।

  3. नेतन्याहू ने ममदानी पर हमास का समर्थन करने का आरोप लगाया।

डिजिटल डेस्क, न्यूयॉर्क। संयुक्त राष्ट्र महासभा के सालाना सत्र में संबोधन से पहले इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और न्यूयार्क के मेयर जोहरान ममदानी के बीच जुबानी जंग छिड़ गई है। ममदानी ने उन्हें युद्ध अपराधी कहा तो नेतन्याहू ने पलटवार करते हुए एक वीडियो जारी किया और अमेरिकी शहर के इस मेयर को घेरा।

उन्होंने कहा कि आपका सच बताने यूएन (संयुक्त राष्ट्र) आ रहा हूं। इजरायली प्रधानमंत्री गुरुवार को महासभा को संबोधित करेंगे। ममदानी इजरायली प्रधानमंत्री के घोर आलोचक हैं और वह पहले भी इस तरह के बयान दे चुके हैं।

उन्होंने सीएनएन को दिए एक इंटरव्यू में नेतन्याहू को एक बार फिर युद्ध अपराधी बताया और अमेरिकी सरकार से उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की। नेतन्याहू संयुक्त राष्ट्र महासभा के सत्र में हिस्सा लेने के लिए इसी सप्ताह न्यूयार्क आने वाले हैं।

सीएनएन ने सोमवार रात ममदानी का इंटरव्यू प्रसारित किया, जिसमें उन्होंने नेतन्याहू के अलावा अन्य विषयों पर बातचीत की। इंटरव्यू के दौरान नेतन्याहू के बारे में पूछे जाने पर ममदानी ने कहा, "मैंने उन्हें जैसा समझा है, वैसा ही कहा है, एक युद्ध अपराधी और फलस्तीन लोगों के नरसंहार के साजिशकर्ता।"

इसके जवाब में नेतन्याहू ने मंगलवार को वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने मेयर पर हमास का समर्थन करने और न्यूयार्क में रहने वाले यहूदियों के खिलाफ दंगे भड़काने का आरोप लगाया। उन्होंने सीधे मेयर को संबोधित करते हुए कहा, "मैं अपने वीर सैनिकों के बारे सच बताने और आपकी सच्चाई बताने के लिए यूएन आ रहा हूं।"

न्यूयार्क शहर के पहले मुस्लिम मेयर ममदानी फलस्तीनियों के अधिकारों के मुखर समर्थक हैं और हमास को आतंकी संगठन करार दिए जाने की निंदा की है। ममदानी ने मेयर चुनाव के दौरान यह वादा किया था कि अगर नेतन्याहू न्यूयार्क आएंगे तो पुलिस विभाग उन्हें गिरफ्तार कर लेगा। बता दें कि अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय ने गाजा में युद्ध अपराधों को लेकर नेतन्याहू के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है।