नासा की अंतरिक्ष में महिलाओं की स्पेसवॉक की योजना रद, जानिए क्यों
इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन में महिला अंतरिक्ष यात्री के फिटिंग के स्पेससूट नहीं होने के कारण अब इस ऐतिहासिक योजना को रद कर दिया गया है।
वाशिंगटन, प्रेट्र। नासा की एक अहम योजना को बड़ा झटका लगा है। उसने अंतरिक्ष में चहलकदमी की ऐसी पहली योजना बनाई थी, जिसमें सभी महिला अंतरिक्ष यात्री होतीं, लेकिन इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन में उनके फिटिंग के स्पेससूट नहीं होने के कारण अब इस ऐतिहासिक योजना को रद कर दिया गया है। अंतरिक्ष में चहलकदमी या स्पेसवॉक स्पेस स्टेशन की मरम्मत और प्रयोगों के लिए किया जाता है। इसके लिए खास कपड़ों की जरूरत पड़ती है।
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के अनुसार, अंतरिक्षयात्रियों एनी मैक्कलेन और क्रिस्टिना कोच का 29 मार्च को ऐतिहासिक चहलकदमी करने का कार्यक्रम था। इस दौरान वे स्पेस स्टेशन के सौर संयंत्र में शक्तिशाली लिथियम-ऑयन बैटरियां लगाने का काम करतीं। लेकिन उनकी फिटिंग वाले स्पेससूट के अभाव में इसे रद कर दिया गया। मैक्कलेन ने हालांकि अंतरिक्ष में अपनी पहली चहलकदमी गत 22 मार्च को की थी। वह अब आठ अप्रैल को कनाडाई अंतरिक्षयात्री डेविड सेंटजैक्स के साथ स्पेसवॉक करेंगी। इसका उन्हें बेसब्री से इंतजार है।
अंतरिक्ष में 214 बार हो चुकी है चहलकदमी
साल 1998 में इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन की स्थापना हुई थी। तब से 214 बार चहलकदमी हो चुकी है। इन सभी स्पेसवॉक में पुरुष अंतरिक्षयात्री थे। महिला अंतरिक्षयात्रियों ने अभी तक पुरुषों साथियों के साथ ही अंतरिक्ष में चहलकदमी की हैं।