यूएन महासभा की अध्यक्ष कार्यालय में लगाएंगी विजयलक्ष्मी पंडित की तस्वीर
सांसदों के समूह से बातचीत करते हुए मारिया ने कहा कि वह संयुक्त राष्ट्र में विजयलक्ष्मी के बेहतरीन कार्यों से प्रेरित होती हैं।
संयुक्त राष्ट्र, एजेंसी। संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) की अध्यक्ष मारिया फर्नाडा एस्पिनोसा को विजयलक्ष्मी पंडित से प्रेरणा मिलती है। वह अपने कार्यालय में विजयलक्ष्मी की तस्वीर लगाने की योजना बना रही हैं। शुक्रवार को मारिया से मिलने के बाद सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट के सांसद प्रेम दास राय ने यह जानकारी दी। जवाहरलाल नेहरू की बहन और दिग्गज राजनयिक विजयलक्ष्मी यूएनजीए की अध्यक्ष बनने वाली पहली महिला थीं। उन्हें 1953 में महासभा का अध्यक्ष चुना गया था।
सांसदों के समूह से बातचीत करते हुए मारिया ने कहा कि वह संयुक्त राष्ट्र में विजयलक्ष्मी के बेहतरीन कार्यों से प्रेरित होती हैं। महात्मा गांधी की पुस्तक की तरफ इशारा करते हुए उन्होंने कहा, 'मैं भारतीय लोकतंत्र का सम्मान करती हूं। यह एक ऐसा देश है जिससे प्रेरणा ली जा सकती है।' इक्वाडोर की मारिया यूएनजीए की अध्यक्ष बनने वाली चौथी महिला हैं।
विजयलक्ष्मी पंडित के पद संभालने के 16 साल बाद लाइबेरिया की एंजी एलिजाबेथ ब्रूक्स को 1969 में यूएनजीए का अध्यक्ष चुना गया था। इसके 37 साल बाद 2006 में बहरीन की शेख हया रशद अल खलीफा महासभा की अध्यक्ष बनीं। अब तक 69 पुरुष यूएन महासभा का अध्यक्ष पद संभाल चुके हैं।