Moscow Format: रूस ने बुलाई अफगानिस्तान पर वार्ता, अमेरिका भाग नहीं लेगा
Moscow Format रूस ने जानकारी दी है कि अफगानिस्तान के हालात को लेकर मास्को फार्मेट की बैठक में 10 देश और तालिबान का एक प्रतिनिधिमंडल हिस्सा लेगा। यह बैठक 20 अक्टूबर को होगी जिसमें भारत भी अहम भूमिका निभाएगा।
वाशिंगटन, आइएएनएस। इस सप्ताह रूस द्वारा आयोजित होने वाली अफगानिस्तान वार्ता में अमेरिका भाग नहीं लेगा। अमेरिका के विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने सोमवार को प्रेस ब्रीफिंग में कहा, 'हम मास्को वार्ता में भाग नहीं लेंगे। त्रोइका-प्लस एक प्रभावी, सकारात्मक फोरम रहा है। हम आगे इस फोरम में शामिल होने की उम्मीद रखते हैं, लेकिन इस सप्ताह हम भाग लेने की स्थिति में नहीं हैं।' उन्होंने कहा कि अमेरिका प्रक्रिया का समर्थन करता है।
10 देश और तालिबान का प्रतिनिधिमंडल लेगा हिस्सा
रूस ने जानकारी दी है कि अफगानिस्तान के हालात को लेकर मास्को फार्मेट की बैठक में 10 देश और तालिबान का एक प्रतिनिधिमंडल हिस्सा लेगा। यह बैठक 20 अक्टूबर को होगी, जिसमें भारत भी अहम भूमिका निभाएगा। स्पूतनिक की रिपोर्ट बताती है कि मास्को में होने वाली यह बैठक अफगानिस्तान में सैन्य, राजनीतिक हालात, समावेशी सरकार के गठन और मानवीय संकट को रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय कोशिशों पर केंद्रित होगी। रूस के विदेश मंत्री सरगी लावरोव इस बैठक में भाग लेने वालों को संबोधित करेंगे।
खलीलजाद का इस्तीफा
इस बीच विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने बाद में घोषणा की कि अफगानिस्तान के लिए अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि खलीलजाद अपना पद छोड़ रहे हैं और उनके डिप्टी थामस वेस्ट उनकी जगह लेंगे। अमेरिका और तालिबान के बीच शांति वार्ता में खलीलजाद की अहम भूमिका रही है। खलीलजाद ने अपने इस्तीफे में लिखा कि अफगानिस्तान सरकार और तालिबान के बीच राजनीतिक व्यवस्था उस प्रकार से नहीं बनी जैसे कि सोचा गया था। इसके कारण बहुत जटिल हैं और मैं आने वाले दिनों या हफ्तों में इस पर अपने विचार साझा करूंगा। उन्होंने कहा कि इससे आगे अब मैं न सिर्फ इसपर चर्चा करूंगा की क्या हुआ बल्कि आगे क्या किया जाना चाहिए।
कजाखस्तान ने अफगानिस्तान को चार हजार टन आटा भेजा
समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिक, अफगानिस्तान के बल्ख प्रांत के अधिकारियों ने बताया कि कजाखस्तान ने अफगानिस्तान को मानवीय सहायता के रूप में चार हजार टन से ज्यादा आटा मुहैया कराया है। बल्ख प्रांत के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन विभाग के प्रमुख अब्दुल लतीफ ने कहा कि जरूरतमंद परिवारों के बीच इसका वितरण किया जाएगा।