Move to Jagran APP

दुनियाभर में कोरोना मरीजों की संख्या 60 लाख से ज्यादा, ब्राजील में एक दिन में आए 33 हजार से ज्यादा नए मामले

दुनियाभर में एक अप्रैल को संक्रमित मरीजों की संख्या 10 लाख हुई थी। इसके बाद प्रत्येक दो सप्ताह में संक्रमित मरीजों की संख्या में 10 लाख की बढ़ोतरी हुई।

By Dhyanendra SinghEdited By: Published: Sun, 31 May 2020 07:21 PM (IST)Updated: Sun, 31 May 2020 07:25 PM (IST)
दुनियाभर में कोरोना मरीजों की संख्या 60 लाख से ज्यादा, ब्राजील में एक दिन में आए 33 हजार से ज्यादा नए मामले
दुनियाभर में कोरोना मरीजों की संख्या 60 लाख से ज्यादा, ब्राजील में एक दिन में आए 33 हजार से ज्यादा नए मामले

न्यूयॉर्क, एजेंसियां। दुनियाभर में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 60 लाख से ज्यादा हो गई है। चीन, यूरोप और अमेरिका के बाद अब लैटिन अमेरिकी देशों (ब्राजील, चिली और मैक्सिको) में यह बीमारी कहर बरपा रही है। ब्राजील में तो पिछले चौबीस घंटों में रिकॉर्ड 33,724 नए मामले सामने आए हैं। अब तक किसी भी देश में एक दिन में इतनी अधिक संख्या में संक्रमित मरीज नहीं मिले थे। इस तरह देश में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 5,01,985 हो गई है। मृतकों की संख्या के मामले में अमेरिका, ब्रिटेन और इटली के बाद चौथे नंबर पर ब्राजील (28,872) आ गया है। दुनियाभर में संक्रमित मरीजों के बढ़ने के आंकड़ों को देखें तो 10 जनवरी को वुहान में 40 मामलों का पता चला है। एक अप्रैल को संक्रमित मरीजों की संख्या 10 लाख हुई थी। इसके बाद प्रत्येक दो सप्ताह में संक्रमित मरीजों की संख्या में 10 लाख की बढ़ोतरी हुई। खास बात यह है कि संक्रमित मरीजों की बढ़ती संख्या के बावजूद कई देश प्रतिबंध हटा रहे हैं और व्यवसाय को बढ़ावा देने वाले कदम उठा रहे हैं।

loksabha election banner

पाकिस्तान के मंत्री कोरोना पॉजिटिव

पाकिस्तान में नारकोटिक्स कंट्रोल के राज्यमंत्री शेहरयार अफरीदी का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है। उन्होंने ट्विटर पर इसकी जानकारी दी। अफरीदी ने ट्वीट किया, 'मैं कोरोना से संक्रमित पाया गया हूं और मैंने एहतियातन खुद को घर पर क्वारंटीन कर लिया है। मुझे दुआओं और प्रार्थनाओं की जरूरत हैं। मैं ऊपर वाले से दुआ करता हूं कि वह मेरे देश के नागिरकों को इस महामारी से बचाए।' शेहरयार से पहले सिंध के गवर्नर इमरान इस्माइल और नेशनल असेंबली स्पीकर असद कैसर कोरोना से संक्रमित पाए गए थे। हालांकि, दोनों ही अब इस बीमारी से उबर चुके हैं। उधर, पाकिस्तान में संक्रमित मरीजों की संख्या 69,474 हो गई है। जबकि मरने वालों का आंकड़ा 1,483 हो गया है।

सऊदी अरब में मस्जिदें खोली गई

सऊदी अरब में रविवार से मस्जिदें फिर से खुल गई। हालांकि नमाज पढ़ने के लिए आने वालें लोगों को मास्क लगाने के साथ ही किसी से हाथ मिलाने और गले लगाने की पाबंदी होगी। 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को मस्जिदों में प्रवेश नहीं मिलेगा। हालांकि मुस्लिमों के पवित्र स्थल मक्का अभी फिलहाल बंद ही रहेगा।

येरुशलम में अल अक्सा मस्जिद खुली

मक्का और मदीना के बाद मुस्लिमों के तीसरे सबसे पवित्र स्थल अल अक्सा मस्जिद को रविवार को खोल दिया गया। येरुशलम स्थित इस मस्जिद के खुलने से पहले ही बड़ी संख्या में लोग इसके बाहर एकत्र हो गए थे। सभी ने सर्जिकल मास्क पहन रखे थे। मस्जिद में प्रवेश से पहले सभी का तापमान लिया गया। उधर, कोरोना के मामले बढ़ने के बावजूद इजरायल के स्वास्थ्य मंत्री ने स्कूलों को बंद नहीं करने की बात कही है। हालांकि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि अगर संक्रमण बढ़ता है तो एक बार फिर से प्रतिबंध लागू किए जा सकते हैं।

रूस में 138 लोगों की मौत

पिछले चौबीस घंटों के दौरान रूस में 138 और लोगों की मौत हुई है। इस तरह देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 4,693 हो गई है। संक्रमण के 9,268 नए मामले सामने आए हैं। इस तरह वहां संक्रमित मरीजों की संख्या 405,843 हो गई है।

विश्वभर में कोरोना महामारी से जुड़े प्रमुख बिंंदु

-सिंगापुर में संक्रमण के 518 नए मामले सामने आए हैं। कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 34,884 हो गई है। अधिकांश मामले डॉर्मिटरी में रहने वाले विदेशी कामगारों से जुड़े हैं।

-स्पेन में लॉकडाउन को 21 जून तक बढ़ा दिया गया है।

-चीन में कोरोना के दो नए मामले सामने आए है। बिना लक्षण वाले चार मरीजों का भी पता चला है। इसमें जर्मनी से चार्टर्ड उड़ान से आया एक व्यक्ति भी शामिल है।

-मलेशिया में 57 नए मामले सामने आए हैं। वहां अब तक 115 लोगों की मौत हो चुकी। 

देश                  मौतें          मरीज               एक्टिव केस

अमेरिका        1,05,580    18,18,405         11,77,464

ब्रिटेन             38,376       2,72,826           उपलब्ध नहीं

इटली             33,340      2,32,664            43,691

ब्राजील           28,872      5,01,985            2,67,742

फ्रांस             28,771      1,88,625             91,586

स्पेन              27,125       2,86,308            62,225

बेल्जियम        9,467         58,381               33,207

जर्मनी           8600          1,83,294             9,494

ईरान            7,797         1,51,466             24,821

रूस             4,693         4,05,643             2,29,267

चीन              4,634         83,001                 63


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.