माइक पोंपियो बोले, परमाणु निरस्त्रीकरण के लिए काम करते रहेंगे उत्तर कोरिया और अमेरिका
उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन ने कहा, आज बहुत अच्छा दिन है जो दोनों देशों के अच्छे भविष्य की कामना करता है।
सियोल, रायटर। अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोंपियो ने रविवार को कहा कि उत्तर कोरिया और अमेरिका परमाणु निरस्त्रीकरण की दिशा में प्रगति के लिए काम करते रहेंगे।
पोंपियो ने उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन के साथ दो घंटे तक चली मुलाकात के बाद यह बात कही। दोनों ने साथ में लंच भी किया। उनकी यह मुलाकात उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग के सरकारी गेस्ट हाउस में हुई। गत मार्च के बाद पोंपियो चौथी बार उत्तर कोरिया की यात्रा पर पहुंचे थे।
पोंपियो के साथ लंच के दौरान किम ने कहा, 'आज बहुत अच्छा दिन है जो दोनों देशों के अच्छे भविष्य की कामना करता है।' इसके जवाब में पोंपियो ने कहा, 'मेजबानी के लिए धन्यवाद, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आपको सम्मान भेजा है। आज की सुबह हमारे लिए बहुत सफल रही। आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।'
पोंपियो के साथ आए एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि इस बार की यात्रा पहले के मुकाबले ज्यादा सकारात्मक है। अपने इस एशिया दौरे पर पोंपियो सबसे पहले जापान गए थे। जापान से वह उत्तर कोरिया पहुंचे। इसके बाद उनका दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे-इन से भी मिलने का कार्यक्रम है। स्वदेश लौटने से पहले पोंपियो सोमवार को चीन जाएंगे।