ओलेस्की में 29 अक्टूबर से लागू होगा युद्धविराम, मेलानिया ट्रंप की पहल पर रूस और यूक्रेन सहमत; दुनिया भर में हो रही तारीफ
मेलानिया ट्रंप की पहल पर यूक्रेन के ओलेस्की शहर में 29 अक्टूबर से युद्धविराम लागू होगा, जिसका रूस और यूक्रेन दोनों ने स्वागत किया है।

मेलानिया ट्रंप की पहल पर रूस यूक्रेन सहमत

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। यूक्रेन के खेरसान प्रांत में निप्रो नदी के किनारे बसे ओलेस्की शहर में 29 अक्टूबर से लागू होने वाले युद्धविराम का चारों तरफ स्वागत हो रहा है। फरवरी 2022 से ही रूस के कब्जे में चले गए इस शहर को वापस लेने के लिए यूक्रेन लगातार प्रयास कर रहा है लेकिन उसे सफलता नहीं मिली है।
अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने इस शहर को नष्ट होने के करीब बताते हुए वहां के बचे-खुचे लोगों की मदद के लिए तत्काल मदद की आवश्यकता जताते हुए रूस और यूक्रेन के शीर्ष नेतृत्व को लड़ाई रोकने के लिए तैयार किया।
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने मेलानिया की पहल का स्वागत किया है जबकि यूक्रेन के मुख्य वार्ताकार दिमित्रो ल्यूबिनेट्स ने अमेरिका की प्रथम महिला के प्रयास की प्रशंसा करते हुए उसे अनुकरणीय बताया है। इसी प्रकार से रूसी राष्ट्रपति के कार्यालय क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने मेलानिया की पहल को शानदार बताया है।
फरवरी 2022 में शुरू हुए यूक्रेन युद्ध से पहले ओलेस्की की आबादी 24 हजार थी और वह खुशहाल शहर था लेकिन इस समय शहर की आबादी दो हजार से भी कम रह गई है। शहर में ऐसा कोई घर नहीं है जिसका कोई सदस्य रूस-यूक्रेन के हमलों में मारा न गया हो।
इन हमलों से सुरक्षित घर-इमारत भी शहर में शायद नहीं बची है। बची आबादी में ज्यादातर लोग वृद्ध, बच्चे और महिलाएं हैं। इनमें ज्यादातर कुपोषण और बीमारियों के शिकार हैं जिन्हें वर्षों से दवाएं, पर्याप्त भोजन और स्वच्छ पेयजल नहीं मिल रहा है।
शहर में बिजली और गैस की आपूर्ति व्यवस्था भी वर्षों से ध्वस्त है जिसके कारण ठंड का हर मौसम शहरवासियों के लिए नारकीय अनुभवों वाला होता है। मेलानिया को ओलेस्की की स्थिति के बारे में पिछले महीने हुए संयुक्त राष्ट्र महासभा के अधिवेशन के दौरान हुई थी जब वह पति डोनाल्ड ट्रंप का भाषण सुनने उनके साथ न्यूयार्क स्थित संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय में गई थीं। उसी के बाद उन्होंने ओलेस्की की मदद के बारे में सोचना शुरू कर दिया।
गत नौ अक्टूबर को जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन से टेलीफोन पर बात की तब उन्होंने ओलेस्की का भी जिक्र किया और उसे लेकर मेलानिया की मदद की योजना के बारे में बताया।
पुतिन के सहमति जताने के बाद यूक्रेन में युद्धविराम पर वार्ता करने रूस गए अमेरिकी दूत स्टीव विटकाफ ने इस प्रस्ताव को राष्ट्रपति पुतिन को दिया। इससे पहले नार्वे में हुई मुलाकात में विटकाफ यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की को इस प्रस्ताव के लिए सहमत कर चुके थे।
यूक्रेन के ओलेस्की पर हमले रोकने के लिए तैयार होने के बाद वहां पर युद्धविराम का रास्ता साफ हो गया। अब वहां पर 29 अक्टूबर से शांति होने और उसके बाद हर जरूरी वस्तु की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। साथ ही जो लोग चाहेंगे वे वहां से सुरक्षित निकल भी सकेंगे।
(न्यूज एजेंसी एपी के इनपुट के साथ)
