नहीं रहे मार्टिन लूथर किंग के सहयोगी लोवेरी, ओबामा के थे प्रशंसक
1921 में अलबामा के हंट्सविले में जन्मे जोसेफ इकोल्स लोवेरी का पालन-पोषण मेथोडिस्ट चर्च में हुआ था।
अटलांटा, एपी। अमेरिका के गांधी कहे जाने वाले मार्टिन लूथर किंग जूनियर के सहयोगी जोसेफ ई लोवेरी का 98 वर्ष की आयु में निधन हो गया। जिंदगी भर नस्ली भेदभाव के खिलाफ लड़ने वाले लोवेरी को 2009 में प्रेसिडेंट मेडल ऑफ फ्रीडम से सम्मानित किया गया था। यह अमेरिका का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। किंग जूनियर की बेटी बर्नीस किंग ने भी ट्वीट करके उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनकी पत्नी एल्विन गिब्सन लोवेरी की 2013 में ही निधन हो चुका है।
1921 में अलबामा के हंट्सविले में जन्मे जोसेफ इकोल्स लोवेरी का पालन-पोषण मेथोडिस्ट चर्च में हुआ था। इसी चर्च में उनके परदादा पहले काले पादरी थे। लोवेरी के पिता किराने की दुकान चलाने के साथ ही नस्ली भेदभाव के खिलाफ होने वाले आंदोलनों में भाग लेते थे। किंग जूनियर से लोवेरी की मुलाकात वर्ष 1950 में हुई थी। उस समय लोवेरी अलबामा के एक मेथोडिस्ट चर्च में पादरी थे और मांटगोमरी में रहते थे। लोवेरी अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के प्रशंसक थे।