Move to Jagran APP

यूरोप दो-तिहाई लोगों की गई जान, स्पेन में एक माह बाद सबसे कम मौतें, जानें दुनिया का हाल

दुनियाभर में कोरोना का कहर जारी है। हालांकि स्पेन में एक माह बाद सबसे कम मौतें दर्ज की गई हैं। वहीं चीन में केवल छह केस सामने आए हैं। जानें दुनिया का हाल...

By Krishna Bihari SinghEdited By: Published: Fri, 24 Apr 2020 08:35 PM (IST)Updated: Fri, 24 Apr 2020 08:35 PM (IST)
यूरोप दो-तिहाई लोगों की गई जान, स्पेन में एक माह बाद सबसे कम मौतें, जानें दुनिया का हाल
यूरोप दो-तिहाई लोगों की गई जान, स्पेन में एक माह बाद सबसे कम मौतें, जानें दुनिया का हाल

मैड्रिड, एजेंसियां। दुनियाभर में कोरोना का कहर जारी है। विश्‍व में संक्रमण से अब तक जान गंवाने वालों की संख्या एक लाख 90 हजार से ज्यादा हो गई है जबकि संक्रमित व्यक्तियों का आंकड़ा 27 लाख 50 हजार से ऊपर पहुंच गया है। अकेले दो-तिहाई मौतें यूरोप में हुई हैं। अमेरिका में 50 हजार से ज्यादा मौतें हुई हैं। वहीं चीन में हालात तेजी से सुधर रहे हैं। देश में गुरुवार को संक्रमण के केवल छह नए मामले सामने आए। इसमें दो लोग विदेश से आए थे। वहीं कोरोना का केंद्र रहे हुबेई प्रांत और उसकी राजधानी वुहान में संक्रमण का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। यही नहीं गुरुवार को चीन में किसी भी मौत की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई, जिससे मृतकों का आंकड़ा 4,632 पर ही टिका है।

loksabha election banner

स्पेन में एक माह बाद सबसे कम मौतें

यूरोपीय देश स्पेन में पिछले चौबीस घंटे में 367 लोगों की मौत हुई। 21 मार्च के बाद यह पहला मौका है जब मृतकों की संख्या इतनी कम रही। एक दिन पहले 440 लोगों की मौत हुई थी। देश में अब कोरोना से जान गंवाने वालों की संख्या करीब 22 हजार 500 हो गई है। अमेरिका और इटली के बाद स्पेन में ही कोरोना से सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं। संक्रमण के 6,700 नए मामले सामने आने के बाद देश में करीब दो लाख 20 हजार लोग महामारी की चपेट में आ चुके हैं। वहीं सरकार ने प्रतिबंधों से छूट देने की गाइडलाइन तैयार करनी शुरू कर दी है।

सोमवार से काम पर लौट सकते हैं बोरिस जॉनसन

कोरोना को मात देने वाले ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन सोमवार से काम पर लौट सकते हैं। स्वास्थ्य मंत्री मैट हैनकॉक ने हालांकि कहा, 'मैंने उनसे कल बात की थी, वह खुश थे। वह कब काम पर लौटेंगे इसका निर्णय उन्हें और उनके डॉक्टरों को करना है।' कोरोना के लक्षण दिखाई पड़ने के बाद जॉनसन आइसोलेशन में चले गए थे। बाद में हालत खराब होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। कुछ दिनों पूर्व ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली है।

ईरान में 93 और मौत

ईरान में पिछले चौबीस घंटों में 93 और लोगों की मौत हो गई। इस तरह वहां मरने वालों की संख्या 5,574 हो गई है। देश में 88 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश का कोई भी प्रांत अब रेड जोन में नहीं है, लेकिन चेतावनी का स्तर यथावत है।

देश मौतें संक्रमित

अमेरिका 50,295-8,87,786

इटली 25,549-1,89,973

स्पेन 22,524-2,19,764

फ्रांस 21,856-1,58,183

ब्रिटेन 18,738-1,38,078

बेल्जियम 6,679-44,293

जर्मनी 5,577-1,53,584

ईरान 5,574-88,194

चीन 4632-82,804

तुर्की के मंत्री ने कहा, इस्तांबुल में थे वुहान जैसे हालात

कोरोना की मार झेल रहे तुर्की के स्वास्थ्य मंत्री फाहरेतीन कोसा ने कहा है कि एक समय इस्तांबुल के हालात वुहान जैसे हो गए थे लेकिन सरकार की तत्परता के कारण हालात पर काबू पा लिया गया। 8.3 करोड़ की आबादी वाले तुर्की में कोरोना संक्रमितों की संख्या एक लाख से ज्यादा पहुंच गई है। अब तक 2,491 लोग दम तोड़ चुके हैं। मुल्क में इस्तांबुल शहर ही महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित है।

जापान में खड़े इतालवी क्रूज में 91 संक्रमित

जापान के नागासाकी तट पर खड़े इतालवी क्रूज कोस्टा अटलांटिका में कोरोना संक्रमण के अब तक 91 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। इस क्रूज पर सवार चालक दल के 623 सदस्यों में से 290 की जांच अभी होनी बाकी है। फरवरी में यह क्रूज मरम्मत के लिए चीन जा रहा था, लेकिन संक्रमण की आशंका के चलते इसे जापान के तट पर रोक दिया गया। दो महीने पहले इटली का एक अन्य क्रूज डायमंड प्रिंसेस जापान पहुंचा था। उस क्रूज के 700 से ज्यादा यात्री और क्रू मेंबर पॉजिटिव पाए गए थे।

दक्षिण अफ्रीका में प्रतिबंधों से छूट अगले माह

आर्थिक चिंताओं का हवाला देते हुए दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रमफोसा ने शुक्रवार को कहा कि कोरोना महामारी के चलते लगाए गए प्रतिबंधों से अगले महीने कुछ राहत दी जा सकती है। उन्होंने कहा, एक मई से कुछ छोटे व्यवसायों को राहत दी जा सकती है। लेकिन इनमें क्षमता से एक तिहाई व्यक्तियों को ही काम करने की अनुमति होगी। कुछ स्कूलों को भी फिर से खोला जा सकता है, लेकिन कक्षा के आकार को देखकर बच्चों की संख्या निर्धारित की जाएगी। नई योजना के तहत दक्षिण अफ्रीका का चेतावनी स्तर लेवल पांच से लेवल चार कर दिया गया है। दक्षिण अफ्रीका में संक्रमण के करीब चार हजार मामले सामने आए हैं और 75 लोगों की मौत हो चुकी है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.