विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चल रहा था लाइव इंटरव्यू, बीच में आया ट्रंप का मैसेज... भागे-भागे व्हाइट हाउस पहुंचे अमेरिकी वित्त मंत्री

Published: Sat, 14 Mar 2026 03:58 PM (IST)

अमेरिका में एक लाइव टीवी इंटरव्यू के दौरान अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तुरंत व्हाइट हाउस बुलाया, जिससे उन्हें बीच में ही इंटरव्यू छोड़ना पड़ा।

HighLights

  1. अमेरिकी ट्रेजरी सचिव ने लाइव इंटरव्यू बीच में छोड़ा।

  2. राष्ट्रपति ट्रंप ने उन्हें तुरंत व्हाइट हाउस बुलाया।

  3. लौटने पर ट्रंप के अच्छे मूड और ईरान मिशन पर बोले।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका में एक टीवी इंटरव्यू के दौरान ऐसा दृश्य देखने को मिला जो आमतौर पर लाइव प्रसारण में नहीं होता। अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट एक चैनल को इंटरव्यू दे रहे थे, तभी उन्हें अचानक बताया गया कि राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप तुरंत उनसे मिलना चाहते हैं। इसके बाद उन्हें बीच इंटरव्यू से उठकर व्हाइट हाउस जाना पड़ा।

लाइव इंटरव्यू के बीच आया बुलावा

यह घटना उस समय हुई जब स्कॉट बेसेंट स्काई न्यूज के साथ बातचीत कर रहे थे। इंटरव्यू के दौरान एक महिला की आवाज सुनाई दी जिसने कहा, "राष्ट्रपति आपको तुरंत बुला रहे हैं।" इसके बाद एंकर विलफ्रेड फ्रॉस्ट ने कहा, "जल्द मिलते हैं, मिस्टर सेक्रेटरी" और बेसेंट इंटरव्यू छोड़कर चले गए।

करीब दो घंटे बाद कार्यक्रम दोबारा शुरू किया गया। एंकर विलफ्रेड फ्रॉस्ट ने कहा कि उन्होंने पहली बार किसी लाइव टीवी इंटरव्यू को इस तरह बीच में रुकते देखा है। उन्होंने बेसेंट से पूछा कि राष्ट्रपति ट्रंप कैसे हैं और क्या ईरान से जुड़े सैन्य अभियान के कारण उन पर दबाव है।

ट्रंप के मूड पर क्या बोले बेसेंट

स्कॉट बेसेंट ने कहा कि राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप अच्छे मूड में हैं और ईरान से जुड़ा मिशन तय समय से बेहतर चल रहा है।उन्होंने कहा कि उन्हें सरकार के नेतृत्व पर पूरा भरोसा है जो इस स्थिति को संभाल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनका किशोर बेटा सेना में जाना चाहे तो वह निश्चिंत होकर उसे भेज सकते हैं।

बेसेंट ने कहा कि उन्हें राष्ट्रपति ट्रंप से लेकर सेना के शीर्ष अधिकारियों तक सभी पर भरोसा है। उन्होंने डैन केन और पीट हेगसेथ का जिक्र करते हुए कहा कि वे अपने बच्चे की जान भी इनके भरोसे छोड़ सकते हैं। यह बयान उन्होंने सेना के नेतृत्व पर विश्वास जताने के लिए दिया।

हॉर्मुज जलडमरूमध्य पर भी चर्चा

बेसेंट ने यह भी कहा कि एक अंतरराष्ट्रीय गठबंधन टैंकरों को सुरक्षित निकालने के लिए कार्रवाई कर सकता है। उन्होंने कहा कि यह कदम इसलिए जरूरी हो सकता है क्योंकि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को ईरान ने बंद कर दिया है। इस समुद्री मार्ग से दुनिया के बड़े हिस्से का तेल और गैस गुजरता है।

सोशल मीडिया पर शुरू हुई चर्चा

इंटरव्यू का वीडियो इंटरनेट पर वायरल होने के बाद कई लोगों ने बेसेंट के व्यवहार पर चर्चा शुरू कर दी। कुछ यूजर्स ने कहा कि इंटरव्यू के बाद लौटने पर वह थोड़े घबराए हुए लग रहे थे। किसी ने कहा कि उनकी आवाज कड़ी और तनाव भरी लग रही थी, जबकि कुछ ने दावा किया कि उनके बोलने में रुकावट भी दिखाई दी।

दुबई में ICU में एडमिट मां, 1.25 करोड़ रुपये का बिल... युद्ध के बीच भारतीय व्यक्ति ने लगाई मदद की गुहार