Coronavirus World Updates: रूस में रिकॉर्ड 174 लोगों की मौत, 3 लाख से ज्यादा संक्रमित
Coronavirus World Updates वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस से अब तक 3 लाख 46 हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है।
वॉशिंगटन, एजेंसियां। चीन के वुहान से शुरू हुआ जानलेवा कोरोना वायरस (Coronavirus) दुनिया भर में तेजी से फैलता जा रहा है। महामारी की वजह से वैश्विक स्तर पर अब तक 3 लाख 46 हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 54 लाख 95 हजार लोग इससे संक्रमित हैं। दुनिया में कोरोना से बुरी तरह प्रभावित देशों की सूची में अमेरिका पहले नंबर पर है। देश में कुल 15 लाख से अधिक लोग वायरस से संक्रमित हैं और 91 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, रूस में एक दिन में सर्वाधिक मौत दर्ज की गई है।
Coronavirus World Updates
- रूस में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस से सर्वाधिक 174 लोगों की मौत हुई है और 8,915 नए मामले सामने आए हैं। देश में कोरोना वायरस से मरने वालों की कुल संख्या 3,807 पहुंच गई है, जबकि अब तक 3 लाख 62 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं।
- थाईलैंड ने मंगलवार को कोरोना वायरस के तीन नए मामलों की पुष्टि हुई है। हालांकि इस दौरान कोई नई मौत नहीं हुई है। इसको मिलाकर देश में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 3,045 पहुंच गई है, जबकि कुल 57 लोगों की मौत हुईं। जानकारी के मुताबिक सभी तीनों संक्रमित थाई नागरिक है, जो हाल ही में विदेशों से लौटे थे।
- भारत में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या 1.45 लाख को पार कर गई है। पिछले चौबीस घंटे में कोरोना वायरस के 6535 नए मामले सामने आए हैं और 146 लोगों की मौत हुई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या 1 लाख 45 हजार 380 हो गई है। इसमें से 80,722 एक्टिव मामले हैं, जबकि अब तक 60,490 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। महामारी की वजह से कुल 4167 लोगों की जान जा चुकी है।
- कोरोना महामारी से जूझ रहे साऊदी अरब ने लॉकडाउन के प्रतिबंधों में ढील देने की योजना बनाई है। स्वास्थ्य मंत्री तौफीक अल-रबिया ने बताया कि देश वायरस के प्रसार को रोकने के लिए लगाए गए प्रतिबंधों में 28 मई के बाद से कुछ ढील दी जाएगी।