5 दिन बाद गई नौकरी, प्रेस ब्रीफिंग में योग्यता पर उठे सवाल... व्हाइट हाउस में केटी जकारिया के साथ क्या हुआ?
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की नई प्रेस सचिव केटी जकारिया का कार्यकाल महज पांच दिन में विवादों की भेंट चढ़ गया।

केटी जकारिया का कार्यकाल पांच दिन में समाप्त।
HighLights
केटी जकारिया का कार्यकाल पांच दिन में समाप्त।
पहली प्रेस ब्रीफिंग में योग्यता पर सवाल उठे।
ट्रंप ने मीडिया पर बुरा व्यवहार का आरोप लगाया।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की नई प्रेस सचिव केटी जकारिया (41) का कार्यकाल महज पांच दिन में विवादों की भेंट चढ़ गया। पहली प्रेस ब्रीफिंग के दौरान ही उनकी पेशेवर योग्यता पर सवाल उठने लगे। इसके बाद मीडिया में लगातार सफाई देने के बावजूद शुक्रवार को उन्हें प्रेस सचिव की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया। व्हाइट हाउस ने कहा कि उन्हें नई भूमिका में भेजा जा रहा है, जिसकी घोषणा बाद में होगी।
मंगलवार को जकारिया ने अपनी पहली और आखिरी प्रेस ब्रीफिंग की। करीब 14 मिनट चली इस ब्रीफिंग में उन्होंने शुरुआती 10 मिनट तैयार स्क्रिप्ट पढ़ी और फिर कुछ पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए। इसके बाद सवाल उठा कि क्या उन्होंने खुद को वकील के रूप में गलत ढंग से पेश किया है।
ट्रंप ने उन्हें ‘अटार्नी’ कहा था, जबकि उनके बार परीक्षा पास करने को लेकर विवाद सामने आया। न्यूयार्क टाइम्स के एक पत्रकार ने उनसे पूछा कि उन्होंने बार परीक्षा कब पास की थी। जकारिया ने पहले सवाल को गलत समझते हुए चीन जाने का जिक्र किया। बाद में उन्होंने कहा कि वह सवाल ठीक से सुन नहीं पाई थीं।
उन्होंने यह भी दावा किया कि पेपरडाइन यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष ने उन्हें खुद को वकील कहने की अनुमति दी थी, लेकिन अटार्नी नहीं। इसके बाद जकारिया ने कई मीडिया संस्थानों को साक्षात्कार दिए और कहा कि उन्हें तैयारी के लिए बहुत कम समय मिला था।
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि बिना पर्याप्त तैयारी के वाशिंगटन के पत्रकारों का सामना करना खराब अनुभव रहा। शुक्रवार को जार्जिया में चुनावी सभा के लिए निकलते समय ट्रंप ने कहा कि उन्होंने जकारिया को इस पद पर बने रहने के फैसले पर फिर से विचार करने की सलाह दी थी। उन्होंने मीडिया पर जकारिया के साथ बुरा व्यवहार करने का आरोप लगाया और उनके पद से हटाए जाने से इन्कार किया।
जकारिया की नियुक्ति पिछले शुक्रवार को हुई थी। इससे पहले वह फाक्स न्यूज की अवैतनिक कमेंटेटर थीं। गौरतलब है कि ट्रंप के पहले कार्यकाल में एंथनी स्कारामुची 11 दिन तक व्हाइट हाउस के संचार निदेशक रहे थे। स्कारामुची ने जकारिया के मामले पर कहा, 'रिकार्ड टूटने के लिए ही बनते हैं।'
