कमला हैरिस के बर्थडे पर बोले जो बिडेन, अगला जन्मदिन व्हाइट हाउस में होगा सेलिब्रेट
कमला हैरिस के बर्थडे पर बिडेन ने एक फोटो पोस्ट की है जिसमें दोनों नेता ताली बजाते नजर आ रहे हैं। इसके साथ उन्होंने हैरिस को बर्थडे की बधाई दी और कहा कि अगले साल आइसक्रीम के साथ व्हाइट हाउस में आपका जन्मदिन मनाएंगे।
वाशिंगटन, पीटीआइ। उपराष्ट्रपति पद की डेमोक्रेट उम्मीदवार कमला हैरिस (Kamla Harris) 56 साल की हो गई हैं। मंगलवार को उनके जन्मदिन पर राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जो बिडेन (Joe Biden) ने उन्हें बधाई दी और कामना की कि वो अपना अगला जन्मदिन व्हाइट हाउस में मनाएं।
इस मौके पर बिडेन ने हैरिस के साथ एक फोटो पोस्ट की है, जिसमें दोनों नेता ताली बजाते नजर आ रहे हैं। इसके साथ कैप्शन में बिडेन ने लिखा, 'हैप्पी बर्थडे कमला हैरिस. अगले साल आइसक्रीम के साथ व्हाइट हाउस में आपका जन्मदिन मनाएंगे।' बिडेन अगले महीने अपना 78वां जन्मदिन मनाने जा रहे हैं।
हैरिस ने अपने बर्थडे पर लोगों से वोट करने का आग्रह किया है। बता दें कि इस साल होने जा रहे राष्ट्रपति चुनावों में कमला हैरिस उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ रही हैं। अगर उनको इसमें जीत हासिल होती है तो वो पहली महिला होंगी जो अमेरिका की उपराष्ट्रपति बनेंगी। इसके अलावा पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने भी कमला हैरिस को उनके जन्मदिन की बधाई दी और कहा कि आने वाले समय में शायद हम बर्थडे गर्ल को मैडम वाइस प्रेसिडेंट कहकर बुलाएंगे। पूर्व फर्स्ट लेडी मिशेल ओबामा ने भी हैरिस को जन्मदिन की बधाई दी है।
गौरतलब है कि अगले महीने की तीन तारीख को अमेरिका में चुनाव होने हैं। उससे पहले चुनावी प्रचार खूब जोरों पर है। हाल ही में राष्ट्रपति चुनावों के मद्देनजर कैलिफॉर्निया में डेमोक्रेट नेता जो बिडेन और कमला हैरिस के समर्थन में गैट आउट द वोट (GOTV) रैली निकाली गई थी। रैली में शामिल एक समर्थक ने कहा कि भारतीय-अमेरिकियों की आज की और अगली जेनरेशन के भविष्य के लिए, यह बहुत जरूरी है कि बिडेन और हैरिस को जिताया जाए। उन्होंने कहा कि पहली बार अमेरिकी इतिहास में कोई महिला उपराष्ट्रपति बनेगी जो हमारे लिए गर्व की बात होगी। इस रैली में बिजनेसमैन, टीचर्स, डॉक्टर्स, नेता और छात्र शामिल हुए थे।